Rajasthan: राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों पर सियासी हलचल तेज, कांग्रेस-भाजपा में दावेदारों की दौड़ शुरू
राजस्थान में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जून 2026 में प्रदेश की तीन सीटों पर चुनाव होने हैं। मौजूदा संख्या बल के हिसाब से दो सीटें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और एक सीट भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है। किन सांसदों का खत्म हो रहा कार्यकाल भाजपा के रवनीत सिंह बिट्टू और राजेंद्र गहलोत तथा कांग्रेस के नीरज डांगी का कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है। नीरज डांगी और राजेंद्र गहलोत वर्ष 2020 में चुने गए थे और अब छह साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। वहीं रवनीत सिंह बिट्टू अगस्त 2024 में राजस्थान से राज्यसभा पहुंचे थे, लेकिन संबंधित सीट का कार्यकाल जून 2026 तक ही होने से वे करीब दो वर्ष ही सदस्य रह पाएंगे। कांग्रेस में दावेदारों की हलचल कांग्रेस की एक सीट को लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज है। अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान को करना है, लेकिन उससे पहले प्रदेश स्तर पर सियासी बिसात बिछ चुकी है। हाल ही में प्रदेश नेताओं के दिल्ली दौरे के दौरान भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई। इस बार स्थानीय चेहरे को मौका देने की संभावना पर भी विचार हो रहा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा सक्रिय बताए जा रहे हैं और मेवाड़ क्षेत्र का प्रतिनिधित्व देने की दलील के साथ अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह का नाम भी चर्चा में है। इसके अलावा चूरू से चुनाव लड़ चुके रफीक मंडेलिया ने भी राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है और उन्होंने दिल्ली सहित प्रदेश के कई नेताओं से मुलाकात की है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल माना जा रहा है। संगठन और सरकार में लंबे अनुभव तथा मेवाड़ क्षेत्र में पकड़ को देखते हुए उनका नाम गंभीरता से लिया जा रहा है। बीजेपी में रिपीट या नया चेहरा बीजेपी एक सीट पर रवनीत सिंह बिट्टू को दोबारा भेजने पर विचार कर सकती है। वे केंद्र सरकार में मंत्री हैं और सिख समुदाय के प्रतिनिधित्व के लिहाज से पार्टी के लिए अहम माने जाते हैं। दूसरी सीट के लिए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के नाम चर्चा में हैं। दोनों ही नेताओं का संगठन और राजनीति में लंबा अनुभव है, जिससे पार्टी के भीतर उनके समर्थक सक्रिय बताए जा रहे हैं। ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, पूर्व सीएम अशोक गहलोत और वसुंधरा ने दी होली की बधाई, जानें क्या कहा सामाजिक समीकरण भी अहम कांग्रेस के भीतर सामाजिक संतुलन को लेकर भी चर्चा है। वर्तमान में प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी वर्ग से और नेता प्रतिपक्ष दलित वर्ग से हैं, ऐसे में पार्टी अल्पसंख्यक या सामान्य वर्ग के किसी चेहरे को मौका देने पर विचार कर सकती है। राज्यसभा चुनाव नजदीक आते ही राजस्थान की राजनीति में गतिविधियां और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 04, 2026, 06:03 IST
Rajasthan: राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों पर सियासी हलचल तेज, कांग्रेस-भाजपा में दावेदारों की दौड़ शुरू #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanRajyaSabhaElections2026 #Bjp #Congress #RavneetSinghBittu #RajendraGehlot #NeerajDangi #PawanKhera #BhanwarJitendraSingh #RafiqMandelia #CpJoshi #SubahSamachar
