Bihar: पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह की हत्या पर गरमाई सियासत! पप्पू यादव बोले- प्रशासन की लापरवाही ने ली जान
छपरा शहर के चर्चित अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के मुख्य गवाह पंकज राय की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मामला अब राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ने लगा है। मंगलवार की शाम पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मृतक के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। 'कानून-व्यवस्था की विफलता का स्पष्ट उदाहरण' परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि पंकज राय की हत्या बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट उदाहरण है। उनका आरोप था कि अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के बाद पंकज राय ने कई बार जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर अपनी जान को खतरा होने की जानकारी दी थी और सुरक्षा की मांग की थी। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। 'समय पर सुरक्षा मिलती तो शायद जान बच जाती' पप्पू यादव ने कहा कि पंकज राय पर पहले भी जानलेवा हमले के प्रयास हुए थे, लेकिन उन घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से मुख्य गवाह को निशाना बनाया ताकि महत्वपूर्ण मामले को कमजोर किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई होती तो संभवतः इस घटना को रोका जा सकता था। सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना सांसद ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और आम लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उन्हें नाकाबिल बताया और कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है। यह भी पढ़ें:पटना में कल से और बड़ा अभियान; नए डीएम ने कब्जे पर जीरो टॉलरेंस के लिए नौ टीमें बनाईं परिजनों ने की आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग गौरतलब है कि रविवार देर रात अपराधियों ने पंकज राय और उनके छोटे भाई मनीष राय पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में पंकज राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष राय का पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पूरे जिले में आक्रोश का माहौल है। परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं पप्पू यादव ने भी प्रशासन से दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 19:52 IST
Bihar: पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह की हत्या पर गरमाई सियासत! पप्पू यादव बोले- प्रशासन की लापरवाही ने ली जान #CityStates #Bihar #Saran #छपरान्यूज #पंकजरायहत्याकांड #पप्पूयादव #राजेशरंजन #मुख्यगवाहकीहत्या #अधिवक्ताहत्याकांड #बिहारकानूनव्यवस्था #सारणसमाचार #छपराक्राइमन्यूज #मनीषराय #SubahSamachar
