Chamba News: पोलिंग एजेंट के साथ मारपीट, छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
पहले चरण के परिणाम घोषित होने के बाद की घटनासंवाद न्यूज एजेंसीचंबा। पंचायतीराज चुनाव के 26 मई को हुए प्रथम चरण के नतीजे आने पर भरमौर उपमंडल की एक पंचायत में पोलिंग एजेंट के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी शिकायत में पोलिंग एजेंट महिंद्र कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव के दिन जब अपराह्न तीन बजे मतदान समाप्त हुआ तो सब कुछ ठीक चल रहा था। उसके बाद गिनती की बारी थी। उन्होंने बताया कि वार्ड सदस्यों, उपप्रधान और प्रधान पद के नतीजे आने तक सब सही था। वह पंचायत प्रधान पद की प्रत्याशी के पोलिंग एजेंट थे। मतगणना का परिणाम आने पर वह बाहर आए। आरोप लगाया कि वहां मौजूद स्थानीय निवासी रमेश चंद के इशारे पर उनके भतीजे अजय कुमार, संजीव कुमार, रोहित, संजीव, रोहित और रवि ने वहां आकर उन पर लात-घूसों की बरसात कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया। पंचायत के पूर्व उपप्रधान के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों को थाने में तलब किया है। दोनों पक्षों के बयान लेकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 15:26 IST
Chamba News: पोलिंग एजेंट के साथ मारपीट, छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज #PollingAgentAssaulted #FIRRegisteredAgainstSixPeople #SubahSamachar
