Bareilly News: कांवड़ियों को वितरित किया प्रसाद व भोजन
मीरगंज/नवाबगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुल्छा खुर्द के पास कांवड़ शिविर का शुभारंभ हुआ। विधायक डॉ. डीसी वर्मा और एसडीएम निधि शुक्ला ने रविवार को फीटा काटकर शुभारंभ किया। विधायक ने कांवड़ियों को भोजन परोसा और यात्रा की जानकारी प्राप्त की। एसडीएम, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह और सीओ अजय कुमार ने भी शिवभक्तों की सेवा की। प्रशासन की ओर से शिविर में पेयजल-भोजन आदि सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। इस दौरान भाजपा नेता और तहसील प्रशासन मौजूद रहा। वहीं, नवाबगंज प्रशासन (एसडीएम सचिन कुमार यादव, तहसीलदार अभिषेक तिवारी और नपा परिषद) ने बरेली-पीलीभीत हाईवे पर कृषि उप मंडी स्थल पर कांवड़ विलेज बनाया है। इसमें विश्राम स्थल, स्वास्थ्य सेवा, फलाहार उपलब्ध कराया जाता है। एडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, सांसद छत्रपाल सिंह और विधायक एमपी आर्य ने रविवार को कांवड़ विलेज में पूजा-अर्चना की। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र भी उपस्थित रहे। इसके बाद कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया गया। कछला से लौटे कांवड़ियों का तिलक लगाकर स्वागत पुष्पवर्षा से किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 09, 2026, 21:33 IST
Bareilly News: कांवड़ियों को वितरित किया प्रसाद व भोजन #PrasadAndFoodDistributedToKanwariyas. #SubahSamachar
