Prayagraj : गंगापार में डीजल-पेट्रोल की किल्लत बढ़ी, पंपों पर डाल दिया काला कपड़ा
बढ़ते दाम के बीच डीजल और पेट्रोल की किल्लत गहराती जा रही है। बृहस्पतिवार को भी गंगापार के पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल का संकट बना रहा। हालात ऐसे रहे कि कई पंपों पर मशीनों को बंद कर उन पर काला कपड़ा डाल दिया गया। गंगापार के झूंसी इलाकेे में तकरीबन दो दर्जन पेट्रोल पंप हैं। कीमत बढ़ने के साथ ही पिछले कई दिनों से डीजल और पेट्रोल की नियमित आपूर्ति बाधित चल रही है। बुधवार के बाद बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो जाने से लोग परेशान रहे। बुधवार को झूंसी के अंदावा, चमनगंज, मलावां और रहिमापुर आदि क्षेत्रों के कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति जरूर पहुंची लेकिन पंप संचालकों ने सीमित मात्रा में ही डीजल और पेट्रोल का वितरण किया। बृहस्पतिवार को बकरीद की छुट्टी होने के कारण तेल की आपूर्ति नहीं हुई जिससे शाम होते-होते कई पंपों पर कम ईधन बचा रहा। ऐसेे में रात 10 बजे तक ज्यादातर पेट्रोल पंप बंद कर दिए गए। दोपहिया वाहन चालकों को भी सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया गया। पहले जहां एडवांस में डीजल और पेट्रोल का भंडारण रहता था, वहीं अब तेल खत्म होने के बाद ही टैंकर आपूर्ति लेकर पहुंच रहे हैं। बुधवार की शाम अंदावा स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की कमी हुई तो कर्मचारियों ने पंप बंद करने का टाइम बताकर वितरण बंद कर दिया। बृहस्पतिवार को बकरीद की छुट्टी के कारण आपूर्ति नहीं हुई तो समस्या और गहरा गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 19:53 IST
Prayagraj : गंगापार में डीजल-पेट्रोल की किल्लत बढ़ी, पंपों पर डाल दिया काला कपड़ा #CityStates #Prayagraj #PetrolDieselPriceHike #DieselPrice #PetrolPriceToday #SubahSamachar
