Prayagraj News : अमेरिका, कनाडा व मैक्सिको में बिजनेस शुरू कराने के नाम पर 6.79 लाख की ठगी
अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में अमेजन इंटरनेशनल ड्रॉपशिपिंग बिजनेस शुरू कराने का सपना दिखाकर एक युवक से 6.79 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। धूमनगंज पुलिस ने गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी के निदेशक रुचि विज समेत आंचल पासवान, सुमित कुमार, बिपुल शाह, पन्नालाल और चंद्रहास के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। धूमनगंज के प्रीतमनगर निवासी मृदुल पांडेय ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2026 को एक कंपनी के प्रतिनिधियों ने उनसे संपर्क कर अमेजन इंटरनेशनल ड्रॉपशिपिंग बिजनेस स्थापित कराने का दावा किया। कंपनी के कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया कि बिना इन्वेंट्री और वेयरहाउस के अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में ऑनलाइन कारोबार कराया जाएगा। अमेजन सेलर अकाउंट, ब्रांड रजिस्ट्री, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आरोप है कि शुरुआत में 7500 रुपये की फीस ली गई। इसके बाद अकाउंट एक्टिवेशन, वेयरहाउस बुकिंग, आईईसी रजिस्ट्रेशन, एडी कोड, ब्रांड रजिस्ट्री, सिक्योरिटी डिपॉजिट, शिपिंग चार्ज, विज्ञापन और अन्य खर्चों के नाम पर लगातार धनराशि मांगी जाती रही। व्हाट्सएप कॉल और चैट के जरिये भुगतान का दबाव बनाया गया। इसके बाद यूपीआई के माध्यम से कुल 6.79 लाख रुपये का भुगतान किया। जब उन्होंने व्यवसाय की स्थिति जांची तो पता चला कि उनका सेलर अकाउंट निष्क्रिय है और उनके लिए बनाई गई वेबसाइट भी काम नहीं कर रही है। अमेजन सेलर सपोर्ट से संपर्क करने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानिए क्या है ड्रॉपशिपिंग बिजनेस ड्रॉपशिपिंग एक ई-कॉमर्स कारोबार मॉडल है। इसमें विक्रेता बिना किसी भौतिक स्टॉक के उत्पाद ऑनलाइन बेचता है। ग्राहक के ऑनलाइन स्टोर से ऑर्डर करने पर, विक्रेता उसे सीधे तीसरे पक्ष के आपूर्तिकर्ता को भेजता है। आपूर्तिकर्ता उत्पाद को सीधे ग्राहक तक पहुंचाता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 18:07 IST
Prayagraj News : अमेरिका, कनाडा व मैक्सिको में बिजनेस शुरू कराने के नाम पर 6.79 लाख की ठगी #CityStates #Prayagraj #CrimeNews #AmericaNews #Canada #SubahSamachar
