Prayagraj weather : बादलों ने बांटे मोहल्ले, कहीं गरजे, कहीं बरसे, अगले तीन दिन तक बारिश के आसार
लंबे इंतजार के बाद मंगलवार शाम बादल जोरदारी से उमड़े तो शहरवासी बारिश की उम्मीद में उत्साहित हो उठे। यह खुशी थोड़ी देर ही रही। पता चला कि बादल अलग-अलग मोहल्लों में बंट गए। कहीं-कहीं जमकर बरसे, कहीं गरज कर ही चले गए। शहर पश्चिमी व उत्तरी में झमाझम बारिश हुई। दक्षिणी क्षेत्र में कहीं सूखा रहा, तो कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि मौसम बदलने से शहर के बड़े हिस्से में गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वर्ष 2025 में मानसून की पहली बारिश 21 जून को हुई थी। इस बार जून के अंतिम दिन मानसून का आगाज हुआ है। बुधवार को भी कई मुहल्लों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मंगलवार को सुबह से शाम तक आसमान में बादलों का जमावड़ा रहा। बारिश न होने की वजह से उमस लोगों पर हावी रही। हालांकि बादलों के रहने से सूरज की तपिश का असर कम हुआ। अन्य दिनों की अपेक्षा मंगलवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक बारिश के आसार जताए हैं। यहां हुई भरपूर बारिश शहर पश्चिमी के बमरौली, मुंडेरा, सुलेम सरांय, राजरूपपुर, सूबेदारगंज, धूमनगंज, चकिया, लूकरगंज, कालिंदीपुरम, हिम्मतगंज, खुल्दाबाद, जानसेनगंज व चौक सहित अन्य इलाकों में डेढ़ घंटे तक बारिश होती रही। इस दौरान कभी तेज, कभी धीमी बारिश हुई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 17:22 IST
Prayagraj weather : बादलों ने बांटे मोहल्ले, कहीं गरजे, कहीं बरसे, अगले तीन दिन तक बारिश के आसार #CityStates #Prayagraj #PrayagrajWeather #PrayagrajWeatherToday #PrayagrajNewsToday #SubahSamachar
