Siddharthnagar News: निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत, बच्चा सुरक्षित
सिद्धार्थनगर। नगर के एक निजी अस्पताल में एक प्रसूता संगीता (28) की ऑपरेशन के दौरान बुधवार देर रात मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम करवा दिया है। हांलाकि, इस मामले में अभी तक न तो पुलिस को तहरीर दी गई है और न ही सीएमओ को शिकायती पत्र दिया है।जानकारी के अनुसार, नेपाल की सिसहनिया निवासी संगीता (28) पत्नी विजय कुमार पिछले एक साल से मायके में थी। भाई सागर निवासी पटली जंगल थाना सदर ने बताया कि गर्भवती होने के बाद से वह मायके में ही थी। दो माह पहले पति मुंबई से गांव आए थे। प्रसव पीड़ा होने के बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां सर्जरी करने के लिए भर्ती कर लिया गया। ऑपरेशन के बाद संगीता की हालत बिगड़ गई, जहां देर शाम उसकी मौत हो गई। आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही की गई है। मौत के बाद अस्पताल संचालक भटकाते रहे। बच्चा भी स्वस्थ बताया जा रहा है। इस संबंध में शहर कोतवाल मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली थी। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 01:01 IST
Siddharthnagar News: निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत, बच्चा सुरक्षित #SIDDHARTHNAGARNEWS #SubahSamachar
