ओडिशा दौरे पर प्रधानमंत्री: CM मांझी बोले- हर किसी के जीवन पर PM का असर; राष्ट्रपति बोलीं-देशहित में उठाए कदम

'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रहित में कई बड़े कदम उठाए हैं। आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, वे केवल विकास के प्रतीक नहीं हैं। ये सामाजिक न्याय, अवसरों की समानता और समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।' यह बात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को ओडिशा में कही। वे मयूरभंज के रायरंगपुर में ओडिशा की भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर राज्य को प्रगति का एक बड़ा उपहार दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने क्षेत्र के विकास के लिए कुल 47,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में पीएम मोदी ने दिखा दिया है कि वैश्विक मंच पर भारत का समय आ चुका है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश के हर नागरिक के जीवन में पीएम मोदी का थोड़ा-बहुत असर दिखता है। ओडिशा में डबल-इंजन सरकार का रिपोर्ट कार्ड मुख्यमंत्री मांझी ने जनसभा में अपनी सरकार की दो साल की उपलब्धियों का पूरा ब्योरा रखा। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा में अब केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त होगी। ऐसा फैसला करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य बन सकता है। इसके अलावा सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण नीति को लागू कर दिया गया है। यह मामला कई दशकों से अधर में लटका हुआ था। अब युवाओं को सामान्य शिक्षा के साथ-साथ मेडिकल और तकनीकी शिक्षा में भी इसका पूरा लाभ मिल रहा है। राज्य में बुनियादी ढांचे और रोजगार को लेकर भी बड़े बदलाव आ रहे हैं। यह भी पढ़ें:ओडिशा को ₹47,600 करोड़ की सौगात:PM मोदी बोले- कांग्रेस राज में पिछड़ा रहा पूर्वी भारत; अब बना विकास का गेटवे बंपर औद्योगिक निवेश और भारी-भरकम इंफ्रास्ट्रक्चर 'उत्कर्ष ओडिशा-मेक इन ओडिशा' सम्मेलन के जरिए राज्य में दूसरी औद्योगिक क्रांति आ चुकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 3.11 लाख करोड़ रुपये की 152 औद्योगिक परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। इससे राज्य में लगभग 250,000 रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। इसके साथ ही सरकारी क्षेत्र में 44,000 से अधिक नौकरियां युवाओं को दी गई हैं। बुनियादी ढांचे की बात करें तो राज्य में 90,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं और 40,000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं चल रही हैं। पारादीप में 25,000 करोड़ रुपये के पोर्ट प्रोजेक्ट, 25,000 करोड़ रुपये के शिपबिल्डिंग क्लस्टर और 80,000 करोड़ रुपये के पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए भी 5,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 20, 2026, 16:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




ओडिशा दौरे पर प्रधानमंत्री: CM मांझी बोले- हर किसी के जीवन पर PM का असर; राष्ट्रपति बोलीं-देशहित में उठाए कदम #IndiaNews #National #PresidentDroupadiMurmu #PmModi #CmMohanCharanMajhi #SubahSamachar