राम मंदिर चढ़ावा मामले में असली दोषियों को बचा रहे प्रधानमंत्री : केजरीवाल
कहा- प्रधानमंत्री ने स्वयं मंदिर ट्रस्ट का गठन और उसके सदस्यों का चयन किया अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और अन्य वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर प्रधानमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के साथ उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार इस मामले में वास्तविक दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है।केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं मंदिर ट्रस्ट का गठन किया, उसके सदस्यों का चयन किया और चंपत राय को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। ऐसे में यदि मंदिर की जमीन खरीद, निर्माण कार्य और चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले सामने आए हैं तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये मामले सार्वजनिक रूप से सामने आते रहे, तो प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी क्यों नहीं थी। आप प्रमुख ने आरोप लगाया कि 2021 में मंदिर के लिए जमीन खरीद में भारी मूल्य अंतर के साथ कई सौदे हुए। उन्होंने दावा किया कि करोड़ों रुपये की जमीनें कई गुना अधिक कीमत पर ट्रस्ट को बेची गईं। साथ ही आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण के टेंडरों में कथित तौर पर 40 प्रतिशत कमीशन मांगा गया और चढ़ावे की चोरी लंबे समय तक चलती रही। उन्होंने विशेष जांच दल (एसआईटी) की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिना एफआईआर एसआईटी का गठन किया गया और बाद में दर्ज एफआईआर में केवल छोटे कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तार लोगों से पुलिस हिरासत में पूछताछ तक नहीं कराई गई और मामले के कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास नहीं हुआ। केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि जब सांसद संजय सिंह कथित भूमि घोटाले से जुड़े दस्तावेज लेकर एसआईटी के पास पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि जांच केवल चढ़ावे के मामले तक सीमित है। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूरे मामले पर जवाब देने और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 16:32 IST
राम मंदिर चढ़ावा मामले में असली दोषियों को बचा रहे प्रधानमंत्री : केजरीवाल #PrimeMinisterShieldingTheRealCulpritsInTheRamMandirDonationCase:Kejriwal #SubahSamachar
