CG News: जनजातीय उद्यमिता को बढ़ावा, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम बोले- 'रोजगार मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें'
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम ने जनजातीय समुदायों के आर्थिक सशक्तिकरण में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम (NSTFDC) की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अब समय है कि लोग केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। नई दिल्ली में आयोजित NSTFDC के 25वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल नौकरी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जनजातीय युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करना है। उन्होंने NSTFDC को जनजातीय उद्यमिता के लिए एक सशक्त उत्प्रेरक बताया। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के चयनित हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें बेमेतरा जिले के किशन ध्रुव, जो किराना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं, और धनराज ठाकुर, जो फोटो स्टूडियो व्यवसाय चला रहे हैं, शामिल हैं। इनके साथ छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रतिनिधि प्रवीण कुमार लाटा को भी सम्मानित किया गया। सभी को सावधि ऋण योजना के तहत स्वरोजगार स्थापित करने के प्रयासों के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। ओराम ने कहा कि NSTFDC की विशेषता यह है कि यह बिना किसी गारंटी के वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लाभार्थियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो पाती है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक निगम द्वारा 16 लाख से अधिक लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है, जिसकी कुल राशि 4,000 करोड़ रुपये से अधिक है। कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली के विश्व युवा केंद्र में किया गया, जिसमें जनजातीय कार्य मंत्रालय और NSTFDC के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न राज्यों की एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस अवसर पर जनजातीय समुदायों के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 15, 2026, 18:30 IST
CG News: जनजातीय उद्यमिता को बढ़ावा, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम बोले- 'रोजगार मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें' #CityStates #Raipur #Chhattisgarh #Nstfdc25thFoundationDay #JualOramStatement #TribalEntrepreneurshipScheme #TribalSelfEmploymentScheme #LoanWithoutGuaranteeNstfdc #ChhattisgarhBeneficiaryHonor #BemetaraBusinessCase #TribalDevelopmentCorporation #TribalEntrepreneurshipIndia #NstfdcLoanScheme #SubahSamachar
