Etah News: भरत तिवारी के एनकाउंटर पर जताया विरोध, निष्पक्ष जांच की मांग
एटा। बिहार में भरत तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत के मामले को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों व सर्वसमाज के लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया। शहर के जीटी रोड पर स्थित शहीद पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने दिवंगत भरत तिवारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए व मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि भरत भूषण तिवारी समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को उठाने व भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए जाने जाते थे। कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और यदि किसी स्तर पर दोष सिद्ध होता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। हरेंद्र सारस्वत ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच आवश्यक है जिससे सच्चाई सामने आ सके और लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। उन्होंने मांग की कि जांच के आधार पर जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।कीर्ति बसु पाराशर ने कहा कि घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं जिनका जवाब निष्पक्ष जांच के माध्यम से ही मिल सकता है। उन्होंने सरकार से उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग करते हुए कहा कि मामले की हर पहलू से जांच होनी चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिलना चाहिए। सभा में मौजूद सभासद प्रतिनिधि चंदन शर्मा ने भी घटना पर दुख व आक्रोश व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने भरत भूषण तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी और घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग दोहराई। शंभूशरण मिश्रा, भूदेव मिश्रा, मोहित पाठक, सुनील मिश्रा, हिमांशु तिवारी, रिकू गुप्ता, अभिनव गुप्ता, अर्पित गुप्ता, अवधेश कुमार समेत सभा में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, जनप्रतिनिधि व सर्वसमाज के लोग मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 21:40 IST
Etah News: भरत तिवारी के एनकाउंटर पर जताया विरोध, निष्पक्ष जांच की मांग #ProtestExpressedOverBharatTiwari'sEncounter;DemandForAnImpartialInvestigation. #SubahSamachar
