Mandi News: संधोल में 17वें दिन भी जारी रहा जन आंदोलन
संधोल (मंडी)। नागरिक अस्पताल संधोल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग पर चल रहा जनआंदोलन मंगलवार को 17वें दिन भी पूरे जोश के साथ जारी रहा। आंदोलन के 17वें दिन मनीष धलारिया, पंकज, बीपला देवी, ममता, माया, शुक्ला, शारदा, भोजा देवी और 85 वर्षीय यशोदा देवी क्रमिक अनशन पर बैठे। धरना स्थल पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों से लोग पहुंचे और आंदोलनकारियों का उत्साह बढ़ाया। आंदोलन की सबसे भावुक तस्वीर उस समय देखने को मिली जब 85 वर्षीय यशोदा देवी भी अपने क्षेत्र के बेहतर स्वास्थ्य अधिकारों की लड़ाई में क्रमिक अनशन पर बैठ गईं। उनकी मौजूदगी ने धरना स्थल पर मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।युवाशक्ति के अध्यक्ष अविनाश भनवाल ने कहा कि यह प्रदेश के जनप्रतिनिधियों और सरकार के लिए बेहद शर्म की बात है कि मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग पर 85 वर्ष की वयोवृद्ध दादी को भी अनशन पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का संघर्ष नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की पीड़ा का प्रतीक है।उन्होंने बताया कि युवाशक्ति का आंदोलन जब तक जारी रहेगा तब तक नागरिक अस्पताल संधोल में सभी विशेषज्ञ चिकित्सक कार्यभार ग्रहण नहीं कर लेते और अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 14, 2026, 17:06 IST
Mandi News: संधोल में 17वें दिन भी जारी रहा जन आंदोलन #PublicAgitationContinuedInSandholForThe17thDayAsWell. #SubahSamachar
