Yamuna Nagar News: कल से 30 तक चलेगा अभियान पल्स पोलियो अभियान

यमुनानगर। जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के तहत पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक आयु वर्ग के करीब 1.20 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. दिव्या मंगला ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अभियान के दौरान अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, भले ही उन्हें नियमित टीकाकरण के तहत पहले भी दवा पिलाई जा चुकी हो।डॉ. दिव्या मंगला ने बताया कि भारत पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आने के कारण सतर्कता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त स्थिति बनाए रखने के लिए सभी बच्चों तक दवा पहुंचाना आवश्यक है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पुनीत कालड़ा ने बताया कि 28 जून को जिले में बनाए गए 1084 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी। झुग्गी-झोपड़ियों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंचने के लिए 44 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष ट्रांजिट टीमें तैनात रहेंगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाएं, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 27, 2026, 03:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: कल से 30 तक चलेगा अभियान पल्स पोलियो अभियान #PulsePolioCampaignWillRunFromTomorrowTill30th #SubahSamachar