स्टार्टअप के लिए पंजाब सरकार की पहल: सीएम मान ने युवा उद्यमियों को बांटे चेक, कहा- नौकरी देने वाले बनें
पंजाब को स्टार्टअप हब बनाने के लिए सरकार और जोर लगाएगी। इसके लिए आर्थिक प्रोत्साहन भी दिया मिलेगा। यह आर्थिक प्रोत्साहन अब नई औद्योगिक पॉलिसी-2026 के तहत दिया जाएगा। इसकी शुरुआत मंगलवार को सीएम भगवंत मान ने चंडीगढ़ में की। यहां पंजाब से जुड़े 31 स्टार्टअप्स को 1.07 करोड़ की आर्थिक मदद के चेक वितरित किए गए। इस दौरान सीएम ने आह्वान किया कि युवा नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनें। उन्हें फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर सीएम ने कहा, सफल उद्यमियों की अगली पीढ़ी न सिर्फ पंजाब से आए बल्कि पंजाब में अपनी कंपनियां भी स्थापित करे, जिससे राज्य के अंदर ही नौकरियों और कमाई के अवसर पैदा हों। उन्होंने बताया कि पंजाब स्टार्टअप और इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026 के तहत इस आर्थिक प्रोत्साहन को बढ़ाकर 3 लाख रुपये से 5 लाख रुपये कर दिया गया है। इसी के तहत सात स्टार्टअप्स को 5-5 लाख और 24 स्टार्टअप्स को 3-3 लाख रुपये की ग्रांट दी गई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये उद्यम रोजगार के हजारों अवसर पैदा करेंगे और युवाओं में नौकरियों की तलाश में विदेश जाने के रुझान को कम करने में मदद करेंगे। सीएम ने कहा, पंजाबी अपनी मेहनत, जज्बे और उद्यम के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। उसी भावना से प्रेरित होकर हमारे युवा नए उद्यम शुरू कर रहे हैं और नए अवसर पैदा कर रहे हैं। वे सिर्फ कारोबार नहीं चला रहे, वे पंजाब के भविष्य को नया रूप दे रहे हैं। चयनित स्टार्टअप्स खेतीबाड़ी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, तकनीक, शासन, टेक्सटाइल और विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 16:18 IST
स्टार्टअप के लिए पंजाब सरकार की पहल: सीएम मान ने युवा उद्यमियों को बांटे चेक, कहा- नौकरी देने वाले बनें #CityStates #Chandigarh-punjab #SubahSamachar
