Delhi NCR News: ढके जाएंगे पीडब्ल्यूडी के डंपिंग यार्ड, 91 लाख रुपये होंगे खर्च
चार उपमंडलों की सड़कों के किनारे बनेंगे लोहे के ढांचे, जीआई शीट से ढकेंगे मलबा, धूल और अव्यवस्था से मिलेगी राहतअमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों के किनारे बने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खुले डंपिंग यार्ड अब ढके जाएंगे। विभाग ने इन स्थलों को व्यवस्थित करने और धूल के प्रसार पर नियंत्रण के लिए योजना तैयार की है। इसके तहत चार उपमंडलों की सड़कों पर स्थित डंपिंग यार्ड को लोहे के मजबूत ढांचे और विशेष शीट से कवर किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 91.10 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।पीडब्ल्यूडी के दक्षिण-पूर्व रोड-1 डिवीजन की ओर से यह काम उपमंडल एसईआर-11, एसईआर-12, एसईआर-13 और एसईआर-14 के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर कराया जाएगा। योजना के तहत डंपिंग स्थलों पर मजबूत ढांचा तैयार कर उसे प्री-कोटेड गैल्वनाइज्ड आयरन (जीआई) शीट से ढका जाएगा। इसके लिए करीब 2643 वर्गमीटर शीट लगाने का प्रावधान किया गया है।डंपिंग यार्ड ढकने से खुले में रखे निर्माण मलबे और सामग्री से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इससे सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही सड़क किनारे निर्माण सामग्री बिखरने और अव्यवस्था की समस्या कम होगी।स्टील के ढांचे के साथ होगी फेंसिंगनिर्माण कार्य में मजबूती के लिए करीब 21.65 टन ट्यूबलर स्टील और 1615 किलोग्राम स्ट्रक्चरल स्टील का इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत के अनुसार ईंटों की चिनाई, सीमेंट प्लास्टर और पेंटिंग भी होगी। डंपिंग स्थलों की सुरक्षा और व्यवस्थित घेराबंदी के लिए करीब 597 मीटर फेंसिंग की जाएगी।2077 घनमीटर मलबे का होगा निस्तारणपरियोजना के तहत निर्माण कार्य शुरू करने से पहले और उसके दौरान जमा मलबे को हटाने की भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए करीब 2077 घनमीटर मलबे को निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जाएगा। विभाग का उद्देश्य डंपिंग स्थलों को व्यवस्थित करने के साथ आसपास के सड़क क्षेत्रों की साफ-सफाई और रखरखाव में सुधार करना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 15:39 IST
Delhi NCR News: ढके जाएंगे पीडब्ल्यूडी के डंपिंग यार्ड, 91 लाख रुपये होंगे खर्च #PWDDumpingYardsToBeCovered;Rs91LakhToBeSpent #SubahSamachar
