Delhi NCR News: एप्पल के नकली स्पेयर पार्ट्स बनाने वाले रैकेट का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
बड़ी मात्रा में नकली आई फोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज जब्त अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने नकली एप्पल स्पेयर पार्ट्स व एक्सेसरीज बनाने वाले रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच दुकानदारों दिनेश, शिवम सिंघल, शिवम, पुनीत और रामकरण शर्मा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में नकली आई फोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज जब्त की गईं हैं। इनकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रहीं हैं। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि 6 मार्च को जानकारी मिली थी कि दिल्ली के रोहिणी इलाके में कई दुकानों में एप्पल के आईफोन के नकली स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज को असली बताकर बेचा जा रहा है। इसके बाद इंस्पेक्टर अजय शर्मा, एसआई मनीष कुमार व एसआई हितेश भारद्वाज की टीम ने एप्पल के अधिकृत प्रतिनिधि तौकीर चौधरी के साथ विकास सूर्या शॉपिंग मॉल और मंगलम प्लेस, रोहिणी में दिनेश स्पेयर पार्ट, सिंघल्स मोबाइल एक्सेसरीज, प्रधान जी कम्युनिकेशन, सतगुरु एक्सेसरीज और कंसल एक्सेसरीज एनएक्सटी नाम की पांच दुकानों में छापेमारी की। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दुकानों से भारी मात्रा में नकली आईफोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज बरामद हुईं हैं। इनमें बैक पैनल, बैक बॉडी, बैटरी, चार्जिंग फ्लेक्स, बैक कवर, एडैप्टर और यूएसबी-सी केबल शामिल हैं। आरोपी दिनेश दिल्ली के सुल्तान पुरी, शिवम सिंघल बुध विहार फेज-I, शिवम समय पुर बादली, पुनीत सेक्टर-6 रोहिणी और रामकरण शर्मा सेक्टर-7 रोहिणी का निवासी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 08, 2026, 18:56 IST
Delhi NCR News: एप्पल के नकली स्पेयर पार्ट्स बनाने वाले रैकेट का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार #RacketOfMakingDupedSparePartsOfAppleBusted #SubahSamachar
