Raebareli: बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत, घर के बरामदे में मिली राख, इलाके में सनसनी

रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद मजरे खीरों गांव में मंगलवार तड़के एक 75 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। घर के बरामदे में वृद्धा का शव बुरी तरह जला हुआ मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद गांव में रहने वाली रामावती (75) का शव मंगलवार सुबह उनके घर के बरामदे में जला हुआ पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 3:30 बजे आग की लपटें और धुआं दिखाई देने पर घटना की जानकारी हुई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक वृद्धा का शरीर लगभग पूरी तरह जल चुका था। मकान मालिक रामनरेश पासी ने बताया कि पड़ोसियों से सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। वहां वृद्धा का अधिकांश शरीर जल चुका था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मृतका की छोटी पुत्री गोदावरी ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से उन्नाव जनपद के मौरावां थाना क्षेत्र के पठई गांव का निवासी है। पिता के निधन के बाद उनकी मां खीरों क्षेत्र में रहती थीं। वर्ष 2011 में पति की मृत्यु तथा बाद के वर्षों में पारिवारिक परिस्थितियों के चलते उन्होंने अपना मकान बेच दिया था। करीब तीन वर्ष पूर्व वह फिरोजाबाद गांव में आकर रहने लगी थीं। गोदावरी के अनुसार उनकी मां लंबे समय से पेट की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और उनका विभिन्न स्थानों पर उपचार भी कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि जिस प्रकार वृद्धा का शव पूरी तरह जल गया, उसने लोगों को हैरान कर दिया है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मृतका के परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वृद्धा द्वारा पूर्व में मकान बिक्री से प्राप्त धनराशि, उनकी वर्तमान परिस्थितियों तथा घटना के वास्तविक कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। यह आत्मदाह का मामला है अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण या साजिश है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि शव के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 24, 2026, 07:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Raebareli: बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत, घर के बरामदे में मिली राख, इलाके में सनसनी #CityStates #Raebareli #RaebareliNews #KheeroRaebareli #CrimeInRaebareli #SubahSamachar