रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की सौगात: खाटूश्यामजी रेलवे स्टेशन पर लगी मुहर, सीकर में पिट लाइन को भी हरी झंडी
शेखावाटी क्षेत्र के लिए रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीकर को दो बड़ी रेल परियोजनाओं की सौगात दी है। रेल मंत्री के सीकर रेलवे स्टेशन आगमन के दौरान क्षेत्र के रेल विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई, जिसके बाद उन्होंने सीकर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन निर्माण तथा सुंदरपुर–खाटूश्यामजी के बीच नए रेलवे स्टेशन के निर्माण को तत्काल स्वीकृति प्रदान की। इन घोषणाओं से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। रेल मंत्री के स्वागत के बीच हुई बड़ी घोषणा रेल मंत्री के सीकर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी। पिट लाइन से बढ़ेगी रेलवे स्टेशन की क्षमता सीकर रेलवे स्टेशन पर बनने वाली पिट लाइन से ट्रेनों की सफाई, रखरखाव और तकनीकी जांच की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ट्रेनों के संचालन में सुगमता आएगी और भविष्य में सीकर से नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना स्टेशन की कार्यक्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत सुंदरपुर-खाटूश्यामजी के मध्य नए रेलवे स्टेशन के निर्माण से विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। नए स्टेशन के बनने से यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आवाजाही भी आसान होगी। पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा नए रेलवे स्टेशन के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलेगा। शेखावाटी के लिए मील का पत्थर साबित होंगी परियोजनाएं पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये दोनों परियोजनाएं शेखावाटी क्षेत्र के रेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन से सीकर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा। यह भी पढ़ें:आबूराज दौरे पर CM भजनलाल शर्मा: पहुंचे अंबाजी धाम, मां अम्बे के दरबार में की पूजा; सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने इन जनहितकारी निर्णयों के लिए नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का क्षेत्र की जनता की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार शेखावाटी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है और आने वाले समय में रेल नेटवर्क के विस्तार से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई मजबूती मिलेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 19:23 IST
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की सौगात: खाटूश्यामजी रेलवे स्टेशन पर लगी मुहर, सीकर में पिट लाइन को भी हरी झंडी #CityStates #Rajasthan #Sikar #SikarNews #सीकररेलवेस्टेशन #SikarRailwayStation #AshwiniVaishnaw #अश्विनीवैष्णव #RailwayProjectRajasthan #रेलपरियोजना #SubahSamachar
