Hardoi News: आसान किस्तों में रेलवे कराएगा सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन
हरदोई। स्थानीय स्टेशन से यात्री आसान किस्तों पर सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जा सकेंगे। रेलवे की ओर से दो पैकेज शुरू किए गए हैं जिसका लाभ जिले के लोग उठा सकते हैं। स्थानीय स्टेशन पर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए लखनऊ मंडल महाप्रबंधक टूरिज्म वायुनंदन शुक्ला ने बृहस्पतिवार को भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईआरसीटीसी की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से सात ज्योतिर्लिंग व दक्षिण भारत यात्रा का पैकेज लॉन्च किया गया है। इसके तहत योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से उज्जैन तक की यात्रा कराई जाएगी। इसका स्टॉपेज स्थानीय स्टेशन पर भी होगा। यात्री योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई, ललितपुर जंक्शन से यात्रा कर सकते हैं। यात्रा 12 जून से शुरू होकर 23 जून तक चलेगी और दूसरी यात्रा योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से दक्षिण भारत की यात्रा कराई जाएगी। यात्रा 29 जून से शुरू होकर 10 जुलाई तक चलेगी। आईआरसीटीसी प्रबंधक नवनीत गोयल ने बताया कि यात्री ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा स्थानीय स्टेशन से संपर्क कर सुविधा को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान स्थानीय स्तर पर वाहन व रहने की व्यवस्था कराई जाएगी। एमआई अंबुज मिश्रा, स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा मौजूद रहे।इन स्थानों का कराया जाएगा भ्रमणसात ज्योतिर्लिंग यात्रा में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात में द्वारकाधीश, भेंट द्वारका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सिग्नेचर ब्रिज, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, संभाजी नगर में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं स्थानीय मंदिर की यात्रा कराई जाएगी।दक्षिण भारत यात्रा में तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति), रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), स्थानीय दर्शन (कन्याकुमारी), मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मरकापुर) की यात्रा कराई जाएगी।यह देना होगा किरायासात ज्योतिर्लिंग यात्रा के लिए - प्रति यात्री को इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) में यात्रा के लिए 24,100 रुपये, स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी क्लास) के लिए 40,890 रुपये, कंफर्ट श्रेणी (2 एसी क्लास) में यात्रा के लिए 54,390 रुपये देना होगा।दक्षिण भारत यात्रा के लिए - प्रति यात्री इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) 24,350 रुपये, स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी क्लास) के लिए 41,800 रुपये, कंफर्ट श्रेणी (2 एसी क्लास) के लिए 55,750 रुपये देने होंगे। यात्रा के लिए ईएमआई की भी सुविधा दी जा रही है जिससे यात्री किराये को किस्तों में अदा कर सकेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 18:38 IST
Hardoi News: आसान किस्तों में रेलवे कराएगा सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन #RailwaysWillProvideDarshanOfSevenJyotirlingasInEasyInstallments. #SubahSamachar
