Delhi:राजधानी में बरसात ले आई हरियाली की बहार, नर्सरियों का खिल उठा कारोबार, पौधरोपण अभियानों से बढ़ी मांग,
राजधानी में मानसून की फुहारें केवल मौसम को खुशगवार नहीं बना रहीं, बल्कि हरियाली के प्रति लोगों का उत्साह भी बढ़ा रही हैं। जुलाई की शानदार बिक्री के बाद अगस्त की शुरुआत में भी दिल्ली की नर्सरियों में ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। छतरपुर, गाजीपुर, कालकाजी, द्वारका और विकासपुरी की प्रमुख नर्सरियों में सुबह से शाम तक पौधे खरीदने वालों की आवाजाही बनी हुई है। नर्सरी संचालकों का कहना है कि जुलाई और अगस्त उनके लिए साल का सबसे व्यस्त और सबसे अधिक कारोबार वाला समय होता है। सामान्य महीनों की तुलना में इन दिनों बिक्री कई बार दोगुनी तक पहुंच जाती है। पहले जहां ग्राहक एक-दो पौधे खरीदते थे, वहीं अब परिवार 10 से 20 पौधे तक एक साथ ले जा रहे हैं। इसके अलावा आरडब्ल्यूए, स्कूल, कॉलेज और निजी संस्थान पौधरोपण अभियानों के लिए बड़ी संख्या में पौधों के ऑर्डर दे रहे हैं। हरियाली के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता ने गार्डनिंग को नया आयाम दिया है। फ्लैट संस्कृति के बीच अब लोग बालकनी, छत और छोटे खुले स्थानों को भी हरा-भरा बनाने में रुचि दिखा रहे हैं। वर्टिकल गार्डन, हैंगिंग प्लांटर और इनडोर पौधों की मांग लगातार बढ़ रही है। युवाओं और नौकरीपेशा लोगों की भागीदारी भी पहले से कहीं अधिक नजर आ रही है। कई नए ग्राहक पौधों की देखभाल और जैविक खाद के बारे में जानकारी लेकर ही खरीदारी कर रहे हैं। एक नर्सरी संचालक राजा के अनुसार इस समय नीम, अर्जुन, अमलतास, अशोक, कदंब और गुड़हल जैसे पौधों की सबसे अधिक मांग है। वहीं घरों के लिए मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, अरेका पाम और पीस लिली जैसे इनडोर पौधे खूब पसंद किए जा रहे हैं। फलदार पौधों में नींबू और अमरूद लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 04, 2026, 04:55 IST
Delhi:राजधानी में बरसात ले आई हरियाली की बहार, नर्सरियों का खिल उठा कारोबार, पौधरोपण अभियानों से बढ़ी मांग, #CityStates #Delhi #DelhiNews #DelhiRain #RainInDelhi #SubahSamachar
