खेल-खेल में हुआ हादसा: खराब कार में बंद हुईं मासूम बहनें, दम घुटने से मौत, पिता के पहुंचने से पहले थमीं सांसें
शहर के खुदनपुरी इलाके में बुधवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां खेलते-खेलते एक खराब कार में बंद हुई दो मासूम बहनों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया। दोनों बच्चियां बेहोशी की हालत में कार के अंदर मिलीं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बच्चियां कार के अंदर जाती दिखाई दे रही हैं। मृतक बच्चियों की पहचान टीना (8) और लक्ष्मी (5) पुत्री रमेश के रूप में हुई है। बच्चियों के पिता रमेश ने बताया कि वे हेयर सैलून की दुकान चलाते हैं। बुधवार सुबह वे रोजाना की तरह बेटियों को घर पर छोड़कर दुकान पर काम करने चले गए थे। करीब 11:30 बजे दोनों बहनें खेलते-खेलते घर के पास स्थित एक कार रिपेयरिंग सेंटर तक पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां मौजूद लोगों ने बच्चियों को कई बार वहां से हटाया भी लेकिन दोनों मासूम दोबारा वहां पहुंच गईं और एक लाल रंग की खराब कार में जाकर बैठ गईं। खेल-खेल में उन्होंने कार का दरवाजा बंद कर लिया लेकिन बाद में उसे खोल नहीं सकीं। बंद कार में गर्मी और ऑक्सीजन की कमी के कारण दोनों का दम घुट गया। ये भी पढ़ें:Rajasthan News:हजारों करोड़ का बजट, सबसे ज्यादा घोषणाएं लेकिन फिर भी कछुआ चाल से चल रहा काम पिता रमेश ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे जब वे खाना खाने घर पहुंचे तो दोनों बेटियां घर पर नहीं मिलीं। काफी देर तक आसपास तलाश करने के बाद लोगों ने कार रिपेयरिंग सेंटर में खड़ी कार के अंदर बच्चियों को बेहोश हालत में देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना अधिकारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि जिस कार में हादसा हुआ वह पूरी तरह खराब हालत में थी। कार का इंजन और बैटरी बंद थी, इसलिए ऑटो लॉक होने की संभावना नहीं है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चियां अंदर बैठने के बाद खुद से गेट नहीं खोल पाईं और कार के भीतर ही फंस गईं। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। बताया जा रहा है कि करीब चार साल पहले बच्चियों की मां की साइलेंट अटैक से मौत हो चुकी है। अब इस हादसे के बाद पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इलाके में घटना के बाद शोक का माहौल है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 20, 2026, 17:35 IST
खेल-खेल में हुआ हादसा: खराब कार में बंद हुईं मासूम बहनें, दम घुटने से मौत, पिता के पहुंचने से पहले थमीं सांसें #CityStates #Rajasthan #Alwar #AlwarNews #AlwarTragedy #ChildSuffocationCase #SistersDieInCar #KidsLockedInCar #AlwarAccidentNews #VaishaliNagarAlwar #SubahSamachar
