Rajasthan: पाक लिंक मामले में NIA की छापेमारी, नीमराना में संदिग्ध दबोचा, भट्टी-चौधरी मॉड्यूल पर बड़ा प्रहार

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। यह कार्रवाई पाकिस्तान से संचालित कथित आतंकी एवं आपराधिक नेटवर्क से जुड़े मामले में की गई है। NIA की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। जानकारी के अनुसार NIA ने शुक्रवार सुबह नीमराना क्षेत्र के माधवसिंहपुरा गांव निवासी नंदकिशोर सैन को हिरासत में लिया। इसके बाद उसे नीमराना थाने लाया गया, जहां एजेंसी के अधिकारी उससे गहन पूछताछ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी पाकिस्तान से संचालित ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े आतंकी मॉड्यूल की जांच के तहत देश के विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में नीमराना में भी यह कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार नंदकिशोर सैन केशवाना स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है और पहले भी उसका नाम तब चर्चा में आया था, जब इसी साल 3 फरवरी को उसके बेटे शुभम सैन को कथित पाकिस्तान लिंक मामले में NIA ने गिरफ्तार किया था। शुभम पिछले करीब चार महीने से जेल में बंद है और मामले की जांच अभी भी जारी है। ये भी पढ़ें:Jaipur:सीनियर अकाउंटेंट ने कंपनी से उड़ाए 1.10 करोड़ रुपए, ऑडिट में खुली पोल; पुलिस ने किया गिरफ्तार नंदकिशोर की पत्नी रामपति ने बताया कि परिवार पिछले लगभग एक महीने से उत्तरप्रदेश के सरोसा गांव में रह रहा था। नंदकिशोर एक दिन पहले ही नीमराना लौटे थे। शुक्रवार सुबह अचानक NIA और स्थानीय पुलिस के करीब 10 से 15 जवान उनके घर पहुंचे। टीम ने घर की तलाशी ली और कई दस्तावेजों व अन्य सामान की जांच की। परिजनों का कहना है कि तलाशी के दौरान कुछ सामान भी जब्त किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार कार्रवाई सुबह शुरू हुई, जिसके चलते पूरे गांव में चर्चा का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी के कारण क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि अधिकारियों ने किसी को भी कार्रवाई के संबंध में अधिक जानकारी नहीं दी। परिजनों का कहना है कि तलाशी के बाद NIA टीम नंदकिशोर को अपने साथ ले गई और तब से उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। फिलहाल एजेंसी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां पाकिस्तान लिंक और उससे जुड़े संभावित संपर्कों की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक NIA की यह कार्रवाई एक व्यापक जांच अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत संदिग्ध नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन, संपर्क सूत्रों और अन्य गतिविधियों की जांच की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एजेंसी फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रही है। वहीं स्थानीय पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 29, 2026, 15:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rajasthan: पाक लिंक मामले में NIA की छापेमारी, नीमराना में संदिग्ध दबोचा, भट्टी-चौधरी मॉड्यूल पर बड़ा प्रहार #CityStates #Rajasthan #Kotputli-behror #Nia #Neemrana #RajasthanNews #PakistanLink #NiaRaid #NiaAction #Detention #SubahSamachar