राजस्थान: पहले चरण में आज 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए वोटिंग, हर मतदाता डालेगा 2 वोट
राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में आज, गुरुवार को 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए मतदान होगा। वोटिंग सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। इस चरण में 85 लाख सात हजार 306 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। चुनाव में कुल 6926 उम्मीदवार मैदान में हैं। दो पदों के लिए डालने होंगे दो वोट जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में प्रत्येक मतदाता को दो वोट डालने होंगे। इसके लिए मतदान केंद्रों पर दो ईवीएम रखी जाएंगी। मतदाता एक ईवीएम पर जिला परिषद सदस्य और दूसरी ईवीएम पर पंचायत समिति सदस्य के लिए वोट डालेंगे। मतदान के लिए कुल 9886 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। यह भी पढें-जयपुर: युवती को ब्लैकमेल करने का आरोप, तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर तुड़वाए शादी के रिश्ते 16 जिलों में मतदान, इन दलों के बीच मुकाबला पहले चरण में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, फलोदी, कोटा, नागौर, पाली, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर में मतदान होगा। इन चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। वहीं, आदिवासी बहुल इलाकों में भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) की मौजूदगी भी चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। कुछ क्षेत्रों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और निर्दलीय उम्मीदवार भी मुकाबले में हैं। वोटर आईडी नहीं है तो भी डाल सकेंगे वोट मतदाता सूची में नाम होने पर वोटर आईडी कार्ड के अलावा राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मान्य अन्य पहचान दस्तावेजों के आधार पर भी मतदान किया जा सकेगा। इसलिए मतदान केंद्र जाने से पहले मतदाता अपने साथ मान्य पहचान पत्र जरूर रखें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 22, 2026, 04:04 IST
राजस्थान: पहले चरण में आज 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए वोटिंग, हर मतदाता डालेगा 2 वोट #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanPanchayatElections2026 #RajasthanPanchayatPolls #FirstPhaseVoting #RajasthanZilaParishadElections #SubahSamachar
