Ambala News: राजेपुर की टीम ने जीता क्रिकेट टूर्नामेंट

अंबाला सिटी। यूथ क्लब चौड़मस्तपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का वीरवार को समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक निर्मल सिंह ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच राजेपुर की टीम ने खिताबी मुकाबले में जीत दर्ज कर ट्रॉफी हासिल की।टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों के लिए विशेष रूप से कमेंट्री और लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी, जिसका हजारों खेल प्रेमियों ने लुत्फ उठाया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में गांव से विदेश गए प्रवासी युवाओं ने भी विशेष आर्थिक सहयोग दिया। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला मेजबान चौड़मस्तपुर और मर्दोसाहिब की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मोड़ पर पहुंचे इस मैच में चौड़मस्तपुर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मर्दोसाहिब को 17 रन से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल राजेपुर और अजरावर की टीम के बीच हुआ, जिसमें राजेपुर की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए आठ विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की।वीरवार को राजेपुर और चौड़मस्तपुर के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजेपुर की टीम ने शानदार खेल दिखाया और चौड़मस्तपुर के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी चौड़मस्तपुर की टीम कड़े संघर्ष के बाद भी 12 रन से चूक गई। टूर्नामेंट के समापन पर विजेता राजेपुर की टीम को 21 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेता रही चौड़मस्तपुर की टीम को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।प्रदीप अंटाल को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बॉलर रहे खिलाड़ियों को 2100-2100 रुपये की इनामी राशि दी गई। विजेता खिलाड़ियों को यह सम्मान तर गांव के सरपंच राम सिंह ने प्रदान किया। संवाद---------------15 साल बाद हुआ टूर्नामेंट चौड़मस्तपुर गांव के खिलाड़ियों ने बताया कि उनके गांव के ग्राउंड में 15 साल से टूर्नामेंट नहीं हुआ था। इसका प्रमुख कारण था कि यहां पर पानी की समस्या थी। जलभराव होने से ग्राउंड भी खराब हो गया। इस ग्राउंड को गांव के युवाओं और सरपंच की मदद से इस बार तैयार किया गया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत भी कराया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 19, 2026, 02:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ambala News: राजेपुर की टीम ने जीता क्रिकेट टूर्नामेंट #RajepurTeamWonTheCricketTournament #SubahSamachar