राजगढ़: मंत्री प्रहलाद पटेल का करीबी बताकर जनपद पंचायत अध्यक्ष के पति से 7.20 लाख रुपये हड़पे, मुकदमा दर्ज

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंत्री प्रहलाद पटेल से अपनी पहुंच और पहचान का झांसा देकर 7,20,000 रुपये ऐंठने के मामले में भोपाल निवासी शांतिलाल मीणा के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी ने राजगढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष सीमा नैनावत के पति सुनील नैनावत को सड़क निर्माण और पंचायत विभाग से संबंधित विभिन्न कार्य दिलाने का झूठा आश्वासन देकर यह बड़ी राशि हड़प ली। पीड़ित की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मंत्री से पहचान का दिया झांसा कछोटिया गांव निवासी पीड़ित सुनील नैनावत की शिकायत के अनुसार आरोपी शांतिलाल मीणा से उनकी पहली मुलाकात वर्ष 2024 में जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में हुई थी। इसके पश्चात खिलचीपुर क्षेत्र में भी दोनों के बीच बातचीत हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने भोपाल में अपनी ऊंची राजनीतिक और प्रशासनिक पहुंच का दावा किया। आरोपी ने स्वयं को मंत्री प्रहलाद पटेल का करीबी बताया और दावा किया कि वह भोपाल स्तर पर लंबित पंचायत विभाग के सभी विकास कार्य आसानी से स्वीकृत करवा सकता है। आरोपी की बातों पर विश्वास करके पीड़ित सुनील नैनावत उसके झांसे में आ गए। इसके बाद आरोपी ने काम कराने के नाम पर किस्तों में रुपयों की मांग प्रारंभ कर दी। ये भी पढ़ें-उमराह भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, बिज़नेस पार्टनर बनाने के नाम पर डॉक्टर को भी ठगा; आरोपी गिरफ्तार ऑनलाइन और नकद ली राशि खिलचीपुर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के विवरण के अनुसार सुनील नैनावत ने आरोपी शांतिलाल मीणा को अलग-अलग समय पर कुल 7,20,000 रुपये दिए। पीड़ित ने 1,00,000 रुपये की रकम नकद प्रदान की, जबकि शेष 6,20,000 रुपये की राशि ऑनलाइन माध्यम यानी फोन-पे के जरिये कई बार में ट्रांसफर की। संपूर्ण राशि प्राप्त कर लेने के बाद भी आरोपी ने न तो सड़क निर्माण का काम कराया और न ही पंचायत विभाग से जुड़ी कोई फाइल स्वीकृत कराई। जब पीड़ित ने अपने कार्य के संबंध में पूछताछ की, तो आरोपी टालमटोल करता रहा। अंततः जब काम न होने पर पीड़ित ने अपनी संपूर्ण राशि वापस मांगी, तो आरोपी ने रुपये लौटाने से स्पष्ट मना कर दिया। आरोपी की तलाश में दबिश पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सुनील नैनावत की प्राथमिकी के आधार पर आरोपी शांतिलाल मीणा के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन अब शिकायत पत्र में दर्ज सभी प्रकार के ऑनलाइन लेन-देन और बैंक खातों के विवरण की जांच कर रहा है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में भोपाल पहुंच चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी है कि पुलिस टीम भोपाल में आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 14, 2026, 20:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




राजगढ़: मंत्री प्रहलाद पटेल का करीबी बताकर जनपद पंचायत अध्यक्ष के पति से 7.20 लाख रुपये हड़पे, मुकदमा दर्ज #CityStates #MadhyaPradesh #Rajgarh #SubahSamachar