Tehri News: ढालवाला की रंजनी देवी को मिलेगा हथकरघा श्रेणी का प्रथम पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी नई टिहरी। हथकरघा, हस्तशिल्प और लघु उद्योग श्रेणी के तहत जिला स्तरीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों और शिल्पकारों को पुरस्कृत करने के लिए चुना गया। हथकरघा श्रेणी में ढालवाला की रंजनी देवी को प्रथम पुरस्कार के लिए चुना गया है। सीडीओ वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। हथकरघा श्रेणी में रंजनी देवी ढालवाला को बिच्छू घास से निर्मित मफलर के लिए प्रथम पुरस्कार, चंबा के नत्थी लाल को शॉल बनाने के लिए द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया। हस्तशिल्प श्रेणी में दिनेश लाल ग्राम खंडोगी को पहाड़ी तिबारी और सुरकंडा मंदिर की कलाकृति के लिए प्रथम पुरस्कार, नरेंद्रनगर की उषा देवी को क्रोशिया से निर्मित बेबी स्वेटर और फ्लावर पॉट के लिए द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया। लघु उद्योग श्रेणी में मैसर्स सुरईया वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड घनसाली को प्रथम, मैसर्स हिमालय सुपरफार्मर्स इनोवेंचर्स को द्वितीय पुरस्कार मिला। सीडीओ ने कहा कि उद्यमियों को पुरस्कृत करने का उद्देश्य जिले में पारंपरिक हस्तकला, स्थानीय उत्पाद, स्वरोजगार और लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान दिलाना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 18:47 IST
Tehri News: ढालवाला की रंजनी देवी को मिलेगा हथकरघा श्रेणी का प्रथम पुरस्कार #RanjaniDeviOfDhalwalaWillGetTheFirstPrizeInHandloomCategory. #SubahSamachar
