Kangra News: बैठकों और घोषणाओं में सिमटा कोतवाली बाजार का पुनर्विकास
धर्मशाला। शहर के सबसे पुराने और प्रमुख व्यापारिक केंद्र कोतवाली बाजार का पुनर्विकास वर्षों से केवल बजट बैठकों और घोषणाओं तक ही सीमित रह गया है। नगर निगम की ओर से इस बार के बजट में कोतवाली बाजार के पुनर्विकास के लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, लेकिन धरातल पर अभी तक कोई ठोस काम शुरू नहीं हो पाया है।जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त बाजारों में शुमार कोतवाली बाजार में आज तक व्यवस्थित फुटपाथ तक नहीं बन पाए हैं। संकरी सड़क, अव्यवस्थित पार्किंग और पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ते का अभाव रोजाना परेशानी का कारण बन रहा है। पर्यटक सीजन में वाहनों के जाम से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।सूत्रों के अनुसार निगम की योजना काली माता मंदिर से गांधी वाटिका तक सड़क की दुकानों को एक जैसे आकर्षक पैटर्न में विकसित करने की थी। इसके साथ ही सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनाने की योजना भी फाइलों से आगे नहीं बढ़ पाई। हालांकि, फव्वारा चौक का पुनर्विकास जरूर हुआ है, लेकिन बाजार के मुख्य सौंदर्यीकरण का काम अधर में है।व्यापार मंडल कई बार कोतवाली बाजार में फुटपाथ और सार्वजनिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग निगम के समक्ष उठा चुका है। लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई काम नहीं हो पाया है। -अनुज कश्यप, अध्यक्ष, व्यापार मंडल कोतवाली बाजारनगर निगम के विजन-2030 में कोतवाली बाजार के पुनर्विकास को शामिल किया गया है। फव्वारा चौक के बाद अब जल्द ही बाजार के बाकी पुनर्विकास कार्य को भी धरातल पर उतारा जाएगा। -जफर इकबाल, आयुक्त, नगर निगम धर्मशाला
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 03, 2026, 17:25 IST
Kangra News: बैठकों और घोषणाओं में सिमटा कोतवाली बाजार का पुनर्विकास #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
