Panipat News: रिफाइनरी में श्रमिकों के ड्यूटी के आठ घंटे तय, ज्यादा करने पर मिलेगा ओवरटाइम, दिए जाएंगे राष्ट्रीय अवकाश

पानीपत। रिफाइनरी में सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद मंगलवार को भी श्रमिक काम पर नहीं लौटे। इसके चलते पी-25 प्रोजेक्ट पर निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप रहा। सुबह से ही मजदूर गेट नंबर-4 पर रुक-रुककर प्रदर्शन करते रहे। डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया और एसपी भूपेंद्र ने रिफाइनरी का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों और लेबर ठेकेदारों के साथ बैठक के बाद श्रमिकों की सभी नौ मांगों को मान लिया। इसमें श्रमिकों की ड्यूटी आठ घंटे तय की। इससे ज्यादा काम कराने पर ओवरटाइम दिया जाएगा। इसके साथ सभी राष्ट्रीय अवकाश दिए जाएंगे और महीने का वेतन सात तारीख तक देना होगा। साथ ही कार्यस्थल पर साफ पानी, शौचालय और खाना खाने के लिए सस्ती कैंटीन की व्यवस्था की जाएगी। उधर, तनाव की स्थिति को देखते हुए दिनभर फोर्स तैनात रही। मंगलवार की सुबह नौ बजे ही श्रमिक गेट नंबर-1 और 4 पर पहुंचना शुरू हो गए थे। सबसे अधिक श्रमिक गेट नंबर-4 पर पहुंचे। ठेकेदारों ने सभी को काम पर लौटने के लिए कहा तो उन्होंने मांगे पूरी न होने तक काम करने से इंकार कर दिया। श्रमिकों ने दूसरे दिन भी नारेबाजी की। रिफाइनरी के सभी गेटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। जिला पुलिस के डीएसपी राजबीर सिंह खुद गेट नंबर-4 पर तैनात रहे। श्रमिक दोपहर तक रूक-रूककर नारेबाजी करते रहे। जिससे तनाव की स्थिति बनी रही। डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया व एसपी भूपेंद्र सिंह और सहायक श्रम आयुक्त सुनील गौतम दोपहर बाद रिफाइनरी पहुंचे। उन्होंने प्रबंधन के अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक की। बैठक में श्रमिकों की सभी मांगों पर मंथन किया गया। इनमें सबसे प्रमुख मांग आठ घंटे ड्यूटी का समय रहा। मंथन के बाद श्रमिकों की सभी मांगों को मान लिया गया। श्रमिकों से आठ घंटे ही काम कराया जाएगा। इसके बाद ओवर टाइम कराया तो कार्य के घंटे के हिसाब से डबल पैसा दिया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के अवकाश दिए जाएंगे। इस मामले में रिफाइनरी की बजाय कंपनी और ठेकेदार की जिम्मेदारी बनती है। ठेकेदार श्रमिकों की मांगों को पूरा करें और उनको बेहतर सुविधा दें। बाॅक्सश्रमिकों पर लाठी चार्ज करना ठीक नहीं डीसी ने कहा कि रिफाइनरी में बहुत सारे असंगठित क्षेत्र के श्रमिक हैं और इन पर किसी भी तरह का लाठी चार्ज करना ठीक नहीं है। लाठीचार्ज किसी भी समस्या का कोई समाधान नहीं है। इसलिए सौहार्दपूर्ण दायित्व के साथ अपनी जिम्मेदारी समझें और श्रमिकों के साथ भेदभाव पूर्ण रवैया छोड़कर उनकी सभी मांगों को पूरा करें। बैठक में रिफाइनरी के ईडी एमएल डहरिया व एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार मौजूद रहे। बाॅक्सकानून व्यवस्था को हाथ में ली तो होगी कार्रवाई : एसपी एसपी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ठेकेदारों को हिदायत दी है कि वह सुपरवाइजरों के माध्यम से श्रमिकों से संपर्क में रहें और उनकी मांग मानने के बारे में जानकारी दें। सभी श्रमिकों को बुधवार से काम पर लगाया जाए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 25, 2026, 02:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: रिफाइनरी में श्रमिकों के ड्यूटी के आठ घंटे तय, ज्यादा करने पर मिलेगा ओवरटाइम, दिए जाएंगे राष्ट्रीय अवकाश #RefineryWorkersAreRequiredToWorkForEightHours #WithOvertimeAndNationalHolidays. #SubahSamachar