रेखा आर्या प्रकरण: एसआईटी को दिए बयान में मंत्री ने बताए साहू के कई ठिकाने, मिल सकते हैं अहम दस्तावेज
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। सूत्रों के अनुसार, मंत्री ने एसआईटी को दिए बयान में गिरधारी के ऐसे कई ठिकानों का जिक्र किया है, जहां से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य मिल सकते हैं। कुछ गुप्त ठिकानों की जानकारी भी जांच टीम को दी गई है। पुलिस अगर मंत्री की बताई सीधी रेखा पर चलती है तो गिरधारी के कई राज खुल सकते हैं। उनके बयान मामले की जांच की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकते हैं। एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में गठित 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सोमवार देर शाम मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए। इससे पहले तबीयत खराब होने के कारण उनके बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। एसआईटी ने मामले से संबंधित वायरल ऑडियो को भी कब्जे में लिया है। इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी है। ऑडियो को लेकर दोनों पक्षों के दावों में विरोधाभास है। मंत्री रेखा आर्या की ओर से इसे मामले से जुड़े आरोपों के संदर्भ में सामने रखा गया है, जबकि गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर इसे फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार बताया था। उन्होंने रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। अब ऑडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट, कंपनियों के दस्तावेजों की जांच और मंत्री के बयानों के आधार पर जुटाए जाने वाले साक्ष्य अहम होंगे। इनकी मदद से एसआईटी आरोपों की पुष्टि करने के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई की दिशा तय करेगी। रेखा आर्या प्रकरण: एसआईटी ने दर्ज किए मंत्री के बयान, ऑडियो कब्जे में लिया, बरेली से भी लौटी टीम बता दें कि मंत्री ने 15 अक्तूबर को कैंट थाने में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें मारपीट, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्द कहने, धोखाधड़ी और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही आरोप लगाया गया है कि फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कंपनियों में निदेशक पद से हटा दिया गया। अब मंत्री के बयानों में बताए गए ठिकानों और वहां उपलब्ध हो सकने वाले दस्तावेजों का सत्यापन जांच का अहम हिस्सा हो सकता है। कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षरों का मिलान भी विवेचना में महत्वपूर्ण साबित होगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 19, 2026, 23:25 IST
रेखा आर्या प्रकरण: एसआईटी को दिए बयान में मंत्री ने बताए साहू के कई ठिकाने, मिल सकते हैं अहम दस्तावेज #CityStates #Dehradun #Uttarakhand #MinisterRekhaArya #RekhaArya #GirdhariLalSahu #Bareilly #UttarakhandPolice #SubahSamachar
