किसानों को राहत: हिमाचल पहुंची यूरिया खाद की खेप, मांग के मुकाबले आपूर्ति अब भी कम

यूरिया खाद की कमी से जूझ रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश के लिए यूरिया खाद की खेप पहुंच गई है। इसे जिलों के लिए वितरित किया जा रहा है। हालांकि, जरूरत के हिसाब से इस खेप को कम माना जा रहा है। प्रदेश के लिए कुल 2,677 मीट्रिक टन यूरिया खाद की खेप मिली है। इसमें से 1,650 मीट्रिक टन खाद ऊना, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, सिरमौर और बिलासपुर जिले के लिए जारी की गई है। इसके अलावा 1,027 मीट्रिक टन खाद शिमला, चंबा, सोलन, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों को आवंटित हुई है। खरीफ सीजन में मैदानी क्षेत्रों में मक्की और सब्जियों की खेती के लिए किसान लंबे समय से खाद का इंतजार कर रहे हैं। वहीं पहाड़ी जिलों में धान, मक्की, गोभी, टमाटर और आलू जैसी फसलों के लिए भी यूरिया की मांग बढ़ी हुई है। अब किसानों को राहत मिली है। किसान विनोद कुमार, संजीव सैनी, अरविंद कुमार, सोम लाल, जसविंदर सिंह का कहना है कि समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होना जरूरी है। खरीफ फसलों की वृद्धि के इस चरण में यूरिया का विशेष महत्व होता है, जल्द खेप नहीं पहुंची तो किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार ने बताया कि किसानों के लिए यूरिया खाद गोदामों में उपलब्ध है। फिलहाल, खाद को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि मांग के मुकाबले आपूर्ति कम है। इसके पीछे वैश्विक स्तर के कई कारण हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 25, 2026, 21:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




किसानों को राहत: हिमाचल पहुंची यूरिया खाद की खेप, मांग के मुकाबले आपूर्ति अब भी कम #CityStates #HimachalPradesh #Shimla #Una #UreaFertilizer #SubahSamachar