Gurugram News: छह माह में हरेरा ने 51 परियोजनाओं को दी मंजूरी

15,403 आवासीय, 1,084 व्यावसायिक और 240 औद्योगिक यूनिट्स शामिलनंबर गेम - 5 हजार करोड़ रुपये के 11 बड़े प्रोजेक्ट शामिल अमर उजाला ब्यूरोगुरुग्राम। रियल एस्टेट बाजार लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (हरेरा) गुरुग्राम ने जनवरी से जून के दौरान 51 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में करीब 4 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 34 हजार करोड़ रुपये) का निवेश शामिल है। मंजूर किए गए 51 प्रोजेक्ट्स में से केवल 11 बड़े प्रोजेक्ट्स में ही लगभग 25 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। यह गुरुग्राम में बड़े पैमाने पर हो रहे रियल एस्टेट विकास और निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। इन 51 परियोजनाओं में कुल 16,727 यूनिट्स विकसित की जाएंगी। इनमें 15,403 आवासीय, 1,084 व्यावसायिक और 240 औद्योगिक यूनिट्स शामिल हैं। हरेरा का कहना है कि गुरुग्राम देश के प्रमुख रियल एस्टेट बाजारों में अपनी पहचान मजबूत बनाए हुए है। यहां लगातार नामी डेवलपर्स लक्जरी और प्रीमियम प्रोजेक्ट्स लॉन्च कर रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि शहर की दीर्घकालिक विकास संभावनाओं पर निवेशकों और घर खरीदारों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। अथॉरिटी के अनुसार, परियोजनाओं को समयबद्ध मंजूरी, निगरानी और बेहतर अनुपालन व्यवस्था के कारण घरेलू और संस्थागत निवेशकों की भागीदारी में भी वृद्धि हुई है। हरेरा के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में गुरुग्राम में 131 परियोजनाओं के जरिये करीब 87 हजार करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित हुआ था। पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए हरेरा ने कई संस्थागत सुधार भी लागू किए हैं। इनमें परियोजना पंजीकरण के समय प्रमोटरों द्वारा दी गई जानकारी की सख्त जांच, विशेषज्ञों द्वारा परियोजना स्थल का अनिवार्य निरीक्षण, तिमाही प्रगति रिपोर्ट दाखिल करना तथा सार्वजनिक नोटिस जारी कर पब्लिक कंसल्टेशन को परियोजना पंजीकरण की अनिवार्य प्रक्रिया बनाना शामिल है। इसके अलावा, प्राधिकरण ने शिकायतों के लंबित मामलों में भी उल्लेखनीय कमी लाते हुए विवाद निस्तारण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया है, जिससे घर खरीदारों को समय पर राहत मिल रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 13:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gurugram News: छह माह में हरेरा ने 51 परियोजनाओं को दी मंजूरी #RERAApproved51ProjectsInSixMonths #SubahSamachar