Yamuna Nagar News: नियमों की अनदेखी पर रिजॉर्ट व मैरेज पैलेस के किए चालान
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 और नई सोच, नया शहर, स्वच्छ हरियाणा अभियान के तहत नगर निगम ने बल्क वेस्ट जनरेटर श्रेणी में आने वाले संस्थानों पर सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को निगम की टीम ने शहर के विभिन्न रिजॉर्ट, मैरेज पैलेस और क्लबों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कर्ण रिजॉर्ट और सुरभि पैलेस के चालान किए गए।नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर कर्ण रिजॉर्ट, सुरभि पैलेस और जिमखाना क्लब सहित अन्य संस्थानों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान पाया गया कि कुछ स्थानों पर कचरे का सही तरीके से निस्तारण नहीं किया जा रहा था और बीडब्ल्यूजी नियमों का पालन भी नहीं हो रहा था। सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के आईईसी विशेषज्ञ आकाश कुमार और होमगार्ड के जवानों की टीम ने संस्थानों में बनाए गए कंपोस्ट पिट की भी जांच की। कई जगह कंपोस्टिंग पिट का सही उपयोग नहीं हो रहा था और गीले कचरे को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद में परिवर्तित नहीं किया जा रहा था। इस पर अधिकारियों ने प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि गीले कचरे से नियमित रूप से खाद तैयार की जाए और कचरा पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए।सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा ने कहा कि भविष्य में नियमों की अनदेखी करने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। वहीं अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने सभी होटल, मैरिज पैलेस और अन्य संस्थानों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट अधिनियम 2016 और बीडब्ल्यूजी गाइडलाइन 2017 का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने और रिसाइक्लेबल कचरे को अधिकृत एजेंसियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 03:02 IST
Yamuna Nagar News: नियमों की अनदेखी पर रिजॉर्ट व मैरेज पैलेस के किए चालान #ResortsAndMarriagePalacesWereFinedForViolatingRules. #SubahSamachar
