छात्रों के लिए राहत की खबर: रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इस कोर्स की फीस घटाई, एआई के लिए पांच करोड़ रुपये मंजूर

बरेली के महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने छात्रों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। विश्वविद्यालय की वित्त समिति की बैठक में बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (बीएमएस) पाठ्यक्रम की वार्षिक फीस 10 हजार रुपये कम की गई है। इसके साथ ही, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक (एआई) के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट भी मंजूर किया गया है। सोमवार को यह बैठक कुलपति केपी सिंह की अध्यक्षता में कुलपति कार्यालय स्थित समिति कक्ष में हुई। इसमें आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 को ध्यान में रखा गया। व्यवसाय प्रशासन विभाग के स्नातक पाठ्यक्रम बीएमएस की फीस 50,000 रुपये से घटाकर 40,000 रुपये प्रति वर्ष की गई है। यह कटौती सत्र 2026-27 से लागू होगी। इसका उद्देश्य अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों के शुल्क में समानता लाना है। व्यवसाय प्रबंधन विभाग में नौ नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इनमें बैंकिंग, रिटेल, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर, टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। शारीरिक शिक्षा विभाग के बीपीईएस पाठ्यक्रम के शुल्क को भी मंजूरी मिली है। एआई के लिए बड़ा फैसला विश्वविद्यालय ने शिक्षण, प्रशिक्षण और शोध में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। यह आधुनिक शिक्षा और तकनीकी प्रगति की दिशा में एक बड़ा कदम है। कुलपति केपी सिंह ने बताया कि यह निवेश विश्वविद्यालय को तकनीकी शिक्षा में नई पहचान दिलाएगा। इससे विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 28, 2026, 13:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




छात्रों के लिए राहत की खबर: रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इस कोर्स की फीस घटाई, एआई के लिए पांच करोड़ रुपये मंजूर #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #RohilkhandUniversity #BmsFees #Ai #Education #SubahSamachar