Ambala News: वेतन और नियमितीकरण पर अड़े सफाई कर्मचारी
अंबाला। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों का आंदोलन शनिवार को नौवें दिन में प्रवेश कर गया। नगर परिषद अंबाला सदर के गेट पर प्रधान सेवाराम बोहत के नेतृत्व में कर्मचारियों ने नारेबाजी की और सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन ने छावनी में गंदगी की स्थिति से निपटने के लिए फील्ड में अधिकारियों की तैनाती कर वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है।कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे किसी नई मांग के लिए नहीं, बल्कि सरकार द्वारा पहले किए गए वादों को लागू करवाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राजिंदर ने बताया कि नवंबर 2024 में मुख्यमंत्री ने शहरी सफाई कर्मचारियों के लिए 27,000 रुपये और ग्रामीणों के लिए 26,000 रुपये वेतन की घोषणा की थी। 3 साल बीतने के बाद भी यह लागू नहीं हुआ। फरवरी 2023 में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के लिए कमेटी बनाने का पत्र जारी हुआ था, लेकिन अब तक न तो कमेटी बनी और न ही कोई कर्मचारी पक्का हुआ।हड़ताल के कारण छावनी की सफाई व्यवस्था न बिगड़े। इसके लिए विभागीय अधिकारी खुद डंपिंग जोन पर पहुंचकर निगरानी कर रहे हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले ठेकेदारों के कर्मचारियों की मदद से काम चलाया जा रहा है। सफाई के लिए अलग से अतिरिक्त जनशक्ति को भी काम पर लगाया गया है। ब्यूरो
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 10, 2026, 03:32 IST
Ambala News: वेतन और नियमितीकरण पर अड़े सफाई कर्मचारी #SafaiKaramcharisAdamantOnSalaryAndRegularization #SubahSamachar
