UP: सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बोले- मणिकर्णिका घाट और दालमंडी का ध्वस्तीकरण काशी की आत्मा पर चोट
काशी दौरे पर आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने कहा कि मणिकर्णिका घाट और दालमंडी का ध्वस्तीकरण काशी की आत्मा पर चोट है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एक दिवसीय दौरे पर आए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने काशी विश्वनाथ में दर्शन-पूजन के बाद मणिकर्णिका और दालमंडी में चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान का निरीक्षण किया। अति गोपनीय तरीके से आए सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों से मुलाकात कर बातचीत की। दुकानदारों ने बताया कि ध्वस्तीकरण से एक लाख से अधिक लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि चौड़ीकरण एवं विकास के नाम पर किया जा रहा ध्वस्तीकरण काशी की आत्मा पर गहरी चोट है। उन्होंने कहा कि सच्चाई जानने के लिए जब-जब राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल काशी पहुंचा, तब-तब पुलिस प्रशासन ने उन्हें मौके पर जाने से रोका। नेताओं को नजरबंद भी किया गया। उन्होंने कहा कि वे अपनी रिपोर्ट बनाकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को सौंपेंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर सपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, विष्णु शर्मा, किशन दीक्षित आदि शामिल रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 27, 2026, 01:06 IST
UP: सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बोले- मणिकर्णिका घाट और दालमंडी का ध्वस्तीकरण काशी की आत्मा पर चोट #CityStates #Varanasi #VaranasiPolice #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar
