संभल हिंसा: मास्टरमाइंड शारिक साठा पकड़ से दूर, साथी अफरोज जेल से रिहा, चार की माैत से लेकर अबतक की पूरी कहानी
संभल जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल का मास्टरमाइंड दीपा सराय निवासी शारिक साठा दुबई में होने के कारण पुलिस की पकड़ से दूर है। उसके साथी मुल्ला अफरोज को अब अदालत से राहत मिल गई है। साठा के तीन साथी मोहम्मद अफरोज उर्फ मुल्ला अफरोज, गुलाम और वारिस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तीनों पर बवाल के दौरान हत्याएं करने व अन्य तरह के संगीन आरोप हैं। एनएसए के तहत भी कार्रवाई हुई। अब मुल्ला अफरोज को सुप्रीम कोर्ट ने एनएसए रद्द कर राहत दी है। वह मंगलवार की देररात मुरादाबाद की जेल से रिहा होकर अपने दीपा सराय स्थित घर भी पहुंच गया। हाईकोर्ट से उसको चार मुकदमों में जमानत पहले ही मिल चुकी थी। एनएसए प्रभावी होने के चलते वह जेल में बंद था। सुप्रीम आदेश पर एनएसए रद्द होते ही जेल से रिहा होने का रास्ता साफ हो गया। हालांकि सरगना शारिक साठा भगोड़ा घोषित है और पुलिस की पकड़ से दूर है। वह दुबई में है, पुलिस लुकआउट नोटिस जारी कर चुकी है। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मुल्ला अफरोज के खिलाफ की गई एनएसए की कार्रवाई रद्द हुई है।चार हत्या के मामले में वह आरोपी है और उसके खिलाफ एसआईटी ने सबूतों के साथ चार्जशीट भी दाखिल की है। मुकदमा ट्रायल पर है और सख्त सजा भी होगी। एसआईटी के पर्यवेक्षक रहे संभल सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान जो घटना हुई थी। उसमें चार लोगों की हत्या के मामले अज्ञात के खिलाफ दर्ज किए गए थे। जांच करने पर शारिक साठा और उसका गिरोह प्रकाश में आया था। घटनास्थल से जो कारतूस, खोखे बरामद किए गए थे वह जांच के लिए भेजे गए थे। 17 जनवरी 2025 को मुल्ला अफरोज गिरफ्तार किया गया था। सीओ का कहना है कि जो पिस्टल मुल्ला अफरोज से बरामद की गई थी उस पिस्टल से ही वह कारतूस चले थे जो खोखे के रूप में घटनास्थल पर मिले थे। यह प्रमाण लैब की जांच से मिला था। चार्जशीट में भी इसका उल्लेख किया गया है। अपराध जघन्य होने के चलते 13 अक्तूबर 2025 को एनएसए के तहत कार्रवाई की गई थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 01, 2026, 11:32 IST
संभल हिंसा: मास्टरमाइंड शारिक साठा पकड़ से दूर, साथी अफरोज जेल से रिहा, चार की माैत से लेकर अबतक की पूरी कहानी #CityStates #Moradabad #Sambhal #UttarPradesh #SambhalJamaMasjid #MullaAfroz #SharikSatha #Nsa #SupremeCourt #SambhalViolence #SubahSamachar
