Hamirpur (Himachal) News: जय श्रीराम के जयघोषों से गूंजा समताना, धू-धू कर जला रावण

बिझड़ी (हमीरपुर)। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के विशालकाय पुतलों के दहन के साथ शिवपुरी धाम समताना के दशहरा उत्सव का मंगलवार को समापन हो गया। इस मौके पर महोत्सव में हजारों की संख्या में आए लोगों के जय श्रीराम के जयघोषों से समताना की फिजा गूंज उठी। देर शाम लंकापति रावण का 120 फीट ऊंचा पुतला फूंक कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। कुंभकर्ण और मेघनाद के 70-70 फीट ऊंचे पुतलों का दहन भी किया गया। आतिशबाजी का विशेष शो और कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।इससे पहले मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ का आचार्यगणों ने धाम के आध्यात्मिक गुरु स्वामी शेखर सुमन के मार्गदर्शन में मंत्रोच्चार से स्वागत किया। वैदिक परंपरा के अनुसार हवन-पूजन कर दशहरा महोत्सव की पूर्णाहुति डाली गई। मंदिर दर्शन के बाद गंधर्वा ने प्रभु राम, लक्ष्मण और हनुमान का तिलक किया। अपराह्न करीब 4:30 बजे स्कूल ग्राउंड में गुरु पूजन के बाद जिला उपायुक्त ने रिबन काटकर दशहरा महोत्सव के मुख्य आयोजन का शुभारंभ किया। लगभग डेढ़ घंटे तक एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से कलाकारों ने सनातनी संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरते हुए धर्म का प्रचार किया। देश शाम करीब सात बजे प्रभु श्रीराम ने अग्निबाण छोड़कर रावण का वध किया तो प्रतीक स्वरूप उनका विशालकाय पुतला बम-पटाखों की गड़गड़ाहट के बीच धू-धू कर जल उठा। मेले में उमड़े लोग जय श्री राम के जयघोष लगाकर उल्लास से सराबोर दिखे। रावण से पहले कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। रावण दहन के साथ ही 15 मिनट के आतिशबाजी के विशेष शो से विजय उत्सव मनाया गया। समताना का आसमान रंगबिरंगी रोशनियों से नहा उठा। बम-पटाखों की गड़गड़ाहट कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। महोत्सव में स्थानीय कारोबारियों ने दुकानें भी सजाईं थीं। लोगों ने खरीदारी कर खाने-पीने की वस्तुओं का लुत्फ उठाया।बाली-सुग्रीव युद्ध का शानदार मंचन गणेश और सरस्वती वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रदेश के बाहर से आए 35 कलाकारों की टीम ने चंड-मुंड मर्दन और शिव अघोरी नृत्य की दमदार प्रस्तुति दी। लघु रामायण के जरिये भगवान श्रीराम के आदर्शों व त्याग पर प्रकाश डाला। कलाकारों ने अन्य कई रंगारंग प्रस्तुतियों से धर्म के प्रचार के साथ लोगों का मनोरंजन किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 21, 2026, 00:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hamirpur (Himachal) News: जय श्रीराम के जयघोषों से गूंजा समताना, धू-धू कर जला रावण #SamtanaEchoedWithChantsOf'JaiShriRam';RavanaWentUpInRoaringFlames. #SubahSamachar