अच्छी पहल: ड्रोन से पकड़ेंगे गंदगी, कमांड सेंटर से होगी निगरानी; नगर निगम ने तैयार की नई कार्ययोजना
वाराणसी शहर की सफाई व्यवस्था की निगरानी अब ड्रोन और स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी। नगर निगम ने इसके लिए नई कार्ययोजना तैयार की है। शहर में लगे करीब 3000 कैमरों के जरिये सफाई व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में इन्हीं कैमरों और ड्रोन की मदद से गंदगी फैलाने वालों की पहचान कर उन्हें जुर्माने का नोटिस भी भेजा जाएगा। कमांड कंट्रोल सेंटर में कैमरों की लाइव फीड प्राप्त होगी, जिससे अधिकारी वास्तविक समय में स्थिति का आकलन कर आवश्यक निर्देश जारी कर सकेंगे। ड्रोन के माध्यम से भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गंदगी की निगरानी की जाएगी। सभी इंस्पेक्टरों, सुपरवाइजरों और सफाई कर्मियों का बीट चार्ट भी कंट्रोल रूम से ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। इसे नगर निगम की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा, ताकि नागरिक अपने क्षेत्र के इंस्पेक्टर, सुपरवाइजर और सफाईकर्मियों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। इससे सफाई संबंधी शिकायतों के निस्तारण में भी सुविधा होगी। कार्ययोजना के तहत 300 से 500 मीटर की परिधि में दो सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाने का प्रस्ताव है। बीट चार्ट को पूरी तरह डिजिटल किया जाएगा। शहर के सभी 100 वार्डों में सफाई व्यवस्था की निगरानी कमांड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। इसके माध्यम से घर-घर कूड़ा उठान की भी निगरानी संभव होगी। नगर निगम में लगभग 10 हजार कर्मचारी सफाई कार्य से जुड़े हैं। आने वाले दिनों में सफाई कर्मचारियों को स्मार्ट वॉच भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी उपस्थिति की निगरानी की जा सकेगी। क्या बोले मेयर शहर की सफाई व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। इसकी ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। अब ड्रोन की भी मदद ली जाएगी। कमांड कंट्रोल सेंटर से लगातार नजर रखी जाएगी। -अशोक कुमार तिवारी, मेयर
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 13, 2026, 22:36 IST
अच्छी पहल: ड्रोन से पकड़ेंगे गंदगी, कमांड सेंटर से होगी निगरानी; नगर निगम ने तैयार की नई कार्ययोजना #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #VaranasiNagarNigam #VaranasiSmartCity #SubahSamachar
