यूपी: बरेली में 267 हेक्टेयर में बसेगी सप्तनाथ ईको सिटी, विज्ञान पार्क और कैनाल फ्रंट को भी मिली मंजूरी
शहर के सुनियोजित विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने चार प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मंडलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में हुई 96वीं बोर्ड बैठक में सप्तनाथ ईको सिटी, विज्ञान पार्क एवं नक्षत्रशाला, ग्रेटर बरेली कैनाल फ्रंट और ओमेक्स इंटीग्रेटेड टाउनशिप के प्रस्ताव सर्वसम्मति से अनुमोदित किए गए। पीलीभीत बाइपास क्षेत्र में 267.14 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित सप्तनाथ ईको सिटी को बरेली के विस्तार की प्रमुख योजना के रूप में पेश किया गया है। इसके 11 सेक्टरों में 4,726 आवासीय भूखंड विकसित किए जाएंगे। योजना में ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक क्षेत्र, पार्क, हरित क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं भी शामिल होंगी। भूमि अधिग्रहण पर खर्च होंगे 1327 करोड़ रुपये सप्तनाथ ईको सिटी के विकास पर 1,147 करोड़ व भूमि अधिग्रहण पर 1,327 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) एवं निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए भी आवास विकसित किए जाएंगे। बरेली की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए योजना में थीम आधारित हरित क्षेत्र, आकर्षक लैंडस्केपिंग, पार्क एवं ब्लू-ग्रीन कॉरिडोर जैसी अवधारणाओं को भी शामिल किया गया है। इस योजना का लक्ष्य आधुनिक सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और समावेशी आवासीय विकास के समन्वय से एक सुव्यवस्थित एवं नागरिक केंद्रित शहरी क्षेत्र विकसित करना है। बीडीए बोर्ड के सदस्य राजेश अग्रवाल ने बताया कि पिछली बैठक में बाहरी क्षेत्रों में विकास शुल्क कम करने की मांग की थी, जिसकी स्वीकृति मिल गई है। इससे लोगों को राहत मिलेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 17, 2026, 07:53 IST
यूपी: बरेली में 267 हेक्टेयर में बसेगी सप्तनाथ ईको सिटी, विज्ञान पार्क और कैनाल फ्रंट को भी मिली मंजूरी #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #SaptnathEcoCity #Bda #Township #SubahSamachar
