उदयपुर: थाने से कुछ दूर स्कूली बस पर पथराव, 62 बच्चों में मची चीख-पुकार; ड्राइवर-टीचर समेत तीन घायल
उदयपुर-गोगुंदा नेशनल हाईवे पर बेकरिया थाने से करीब एक किलोमीटर दूर स्कूली बच्चों से भरी बस पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। जोधपुर के टैगोर पब्लिक स्कूल की दो बसों में 62 बच्चे और 10 स्टाफ सदस्य पिकनिक मनाने उदयपुर आ रहे थे। हमले में बस के शीशे टूट गए और चालक जसवंत सिंह, शिक्षक योगेश तथा उनका बेटा पार्थ घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पिकनिक मनाने आ रहे थे 62 बच्चे जोधपुर के टैगोर पब्लिक स्कूल की दो बसों में 62 बच्चे और 10 स्कूली स्टाफ सदस्य पिकनिक मनाने उदयपुर आ रहे थे। शाम को जब बसें बेकरिया थाना क्षेत्र से गुजर रही थीं, तभी एक बस को निशाना बनाकर अचानक पत्थर फेंके जाने लगे। पथराव इतना तेज था कि बस के शीशे टूट गए। पत्थर लगते ही सीटों के नीचे छिपे बच्चे अचानक हुए पथराव से बस में बैठे बच्चे घबरा गए। शीशे टूटने और पत्थर अंदर आने के बाद बच्चे अपनी सीटों से नीचे झुककर छिप गए। इस दौरान बस चालक जसवंत सिंह, शिक्षक योगेश और उनका बेटा पार्थ घायल हो गए। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक ने दिखाई सूझबूझ, होटल में बच्चों को मिली शरण हालात की गंभीरता को देखते हुए चालक जसवंत सिंह ने सूझबूझ दिखाई और बस की रफ्तार बढ़ाकर कुछ दूरी पर स्थित एक होटल के पास रोक दी। होटल संचालक ने भी तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों और स्टाफ सदस्यों को होटल के अंदर सुरक्षित बैठाया। इससे पथराव के बाद घबराए बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान मिल सका। पुलिस ने दर्ज किया केस, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शिक्षक योगेश की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पथराव के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। थाने से एक किलोमीटर दूर वारदात दिनदहाड़े नेशनल हाईवे पर और पुलिस थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्कूली बच्चों से भरी बस पर हुए इस हमले ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बस पर पथराव किसने और किस वजह से किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 15:39 IST
उदयपुर: थाने से कुछ दूर स्कूली बस पर पथराव, 62 बच्चों में मची चीख-पुकार; ड्राइवर-टीचर समेत तीन घायल #CityStates #Rajasthan #Udaipur #BusPrHmla #उदयपुरस्कूलीबसपरपथराव #राजस्थानक्राइमन्यूज #नेशनलहाईवेपथराव #UdaipurNews #SchoolBusAttack #JodhpurSchool #UdaipurGoguandaHighway #RajasthanNews #SubahSamachar
