ग्रेटर नोएडा: मोड़ पर बाइक से बचने के प्रयास में स्कूली वैन पेड़ से टकराई, छह बच्चे घायल, बीटा-2 क्षेत्र की घटना
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र में सोमवार को एक स्कूली वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वैन बच्चों को लेकर जा रही थी और अचानक सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया। वैन सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट में लगे पेड़ से टकरा गई, जिससे वाहन में सवार छह स्कूली बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बिना देरी किए सभी घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों को मामूली चोटें आई थीं और किसी की हालत गंभीर नहीं पाई गई। उपचार के बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैन चालक ने सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में अचानक मोड़ पर वाहन को मोड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वैन पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य करा दिया है, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित न हो।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 20, 2026, 12:27 IST
ग्रेटर नोएडा: मोड़ पर बाइक से बचने के प्रयास में स्कूली वैन पेड़ से टकराई, छह बच्चे घायल, बीटा-2 क्षेत्र की घटना #CityStates #Noida #GreaterNoidaLatestNews #GreaterNoidaHindiNews #GreaterNoidaNewsToday #SubahSamachar
