अयोध्या: कार्तिक मेले और दीपोत्सव पर राम मंदिर की सुरक्षा होगी कड़ी, एडीजी जोन ने परिसर का लिया जायजा

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था और आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर बुधवार को स्थायी सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में शामिल होने पहुंचे एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बैठक में दीपोत्सव, 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। एडीजी ने सात नवंबर को प्रस्तावित दसवें दीपोत्सव की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्तिक मास अयोध्या के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि की सुरक्षा को लेकर स्थायी सुरक्षा समिति की बैठक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। इसमें आगामी पर्वों और आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाती है। परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत व व्यवस्थित बनाने के लिए जरूरी बदलाव भी किए जाते हैं। एडीजी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने के साथ स्थानीय लोगों का विश्वास और सहयोग हासिल करने पर भी जोर दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन कार्तिक मास के सभी धार्मिक कार्यक्रमों को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियों में जुटा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 28, 2026, 15:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




अयोध्या: कार्तिक मेले और दीपोत्सव पर राम मंदिर की सुरक्षा होगी कड़ी, एडीजी जोन ने परिसर का लिया जायजा #CityStates #Ayodhya #Lucknow #UttarPradesh #AyodhyaRamJanmabhoomiSecurity #PermanentSecurityCommitteeAyodhya #AdgLucknowZonePraveenKumar #SubahSamachar