MP: सीहोर में बच्चा चोरी की सनसनी, नाकाबंदी के बाद खुला पारिवारिक विवाद का राज; जानें पूरा मामला

सीहोरजिले के भेरुंदा क्षेत्र में मंगलवार शाम बच्चा चोरी की सूचना से हड़कंप मच गया। 7 वर्षीय मासूम को सफेद बोलेरो में जबरन ले जाने की खबर मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। जिलेभर में वायरलेस संदेश प्रसारित कर सख्त नाकाबंदी कराई गई। हालांकि, वाहन पकड़े जाने के बाद मामला चौंकाने वाला मोड़ लेता हुआ पारिवारिक विवाद निकला। पुलिस के अनुसार 3 मार्च को शाम 4:28 बजे भादाकुई निवासी सीमा मीणा ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसके 7 वर्षीय बेटे को कुछ लोग सफेद बोलेरो में बैठाकर ले गए हैं। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम में हलचल मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया और भेरुंदा सहित आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई। थाना इछावर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सफेद बोलेरो को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में वही 7 वर्षीय हिमांश मीणा मिला, जिसके अपहरण की सूचना दी गई थी। इससे पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन जांच जारी रखी गई। भेरुंदा एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि बोलेरो में मासूम के साथ उसके पिता राहुल मीणा और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। सभी को थाना इछावर लाकर पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि मामला अपहरण का नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का है। पढ़ें:होली पर यात्रियों को राहत: पश्चिम रेलवे ने चलाईं 266 विशेष ट्रेनें, 27 लाख यात्रियों की सुरक्षित पहुंचाया पुलिस के मुताबिक राहुल मीणा और उसकी पत्नी सीमा मीणा के बीच पिछले करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा है। सीमा अपने मायके भादाकुई में बेटे के साथ रह रही थी। मंगलवार को राहुल मीणा परिजनों के साथ बेटे को लेने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद हो गया। इसके बाद राहुल बेटे को लेकर भोपाल के लिए रवाना हो गया। पति के जाने के बाद सीमा ने डायल 112 पर अपहरण की सूचना दे दी। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह मामला कस्टडी विवाद से जुड़ा है, न कि बच्चा चोरी या अपहरण का। पुलिस ने मासूम हिमांश को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया और दोनों पक्षों को न्यायालय के माध्यम से कस्टडी विवाद सुलझाने की सलाह दी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी की अफवाहें तेजी से फैलने लगीं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में ऐसी कोई वारदात नहीं हुई है। नागरिकों से अपील की गई है कि अपुष्ट जानकारी साझा न करें। झूठी खबर या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 03, 2026, 23:43 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




MP: सीहोर में बच्चा चोरी की सनसनी, नाकाबंदी के बाद खुला पारिवारिक विवाद का राज; जानें पूरा मामला #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Sehore #SehoreNews #SehoreViralNews #SehoreLatestNews #SehoreHindiNews #SubahSamachar