Sehore News: विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; गिरफ्तारी नहीं तो चक्काजाम
शहर के गुलजारी का बगीचा क्षेत्र में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने की चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार, मृतका मालती की शादी वर्ष 2021 में नेपाल प्रजापति से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही मालती को पति और ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिस पर पंचायत के माध्यम से समझौता कराया गया था। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष ने भविष्य में प्रताड़ना नहीं करने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ये भी पढ़ें-घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या; पति-सौतन सहित चार पर मामला दर्ज शुक्रवार को मालती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के पिता जमना प्रसाद का आरोप है कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो मालती के शरीर, पीठ और गर्दन पर चोटों के निशान दिखाई दिए। उनका कहना है कि पहले बेटी के साथ मारपीट की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई। उनके अनुसार, सीधे सूचना देने के बजाय रिश्तेदारों के माध्यम से जानकारी पहुंचाई गई, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोतवाली थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि पति नेपाल प्रजापति, सास धन कुंवर प्रजापति तथा अन्य जिम्मेदार लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने चेतावनी दी है कि गिरफ्तारी नहीं होने पर वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे और आंदोलन तेज करेंगे।कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 19:31 IST
Sehore News: विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; गिरफ्तारी नहीं तो चक्काजाम #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Sehore #SehoreNews #SubahSamachar
