Etawah: सात करोड़ के इनपुट टैक्स चोरी में सीए व पूर्व सभासद के बेटे समेत सात गिरफ्तार
फर्जी फर्म और इनवॉइस बनाकर सात करोड़ का इनपुट टैक्स चोरी करने वाले गिरोह के सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक सीए, एक पूर्व सभासद का बेटा और दो व्यापारी मौसेरे भाई भी शामिल हैं। जसवंतनगर पुलिस इस मामले में एक कैफे संचालक को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। आरोपियों के पास से लैपटॉप, फर्जी जीएसटी इनवॉइस/ई-बिल और एक बिना नंबर प्लेट की कार भी बरामद की गई है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जीएसटी अधिकारी की ओर से सात प्राथमिकी अलग-अलग तिथियों में अलग-अलग थानों में दर्ज कराई गई थी। इसकी जांच पुलिस ने कराई। इसमें पाया गया कि कुछ व्यक्तियों की ओर से बिना किसी वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के फर्जी टैक्स इनवॉइस जारी करके अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल किया गया, जबकि संबंधित फर्मों से न तो कोई वास्तविक व्यापार किया गया और न ही सरकार को देय जीएसटी का भुगतान हुआ। इसमें सरकारी राजस्व को कुल लगभग 7.03 करोड़ (सात करोड़ तीन लाख के करीब) क्षति पहुंचाने की बात सामने आई। विवेचना के दौरान यह भी तथ्य सामने आए कि इसी संगठित रैकेट ने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में फर्म एमएल बिल्डर्स एवं भारत बिल्डिंग मैटेरियल के माध्यम से बिना वास्तविक माल आपूर्ति के फर्जी इनवॉइस जारी कर आईटीसी पास-ऑन किया। इससे करोड़ों रुपये का फर्जी टर्नओवर एवं अवैध आईटीसी प्राप्त की गई। वहीं थाना जसवंतनगर क्षेत्र में भी फर्जी फर्मों के माध्यम से बिना वास्तविक क्रय-विक्रय के फर्जी टैक्स इनवॉइस जारी कर आईटीसी पास-ऑन किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। इसमें भोले-भाले व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी जीएसटी पंजीकरण कराया गया। सरकारी राजस्व को भारी क्षति पहुंचाई गई। प्रारंभिक विवेचना से यह स्पष्ट हुआ कि थाना कोतवाली, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी एवं थाना जसवंतनगर क्षेत्रों में एक ही संगठित गिरोह ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी फर्मों, फर्जी इनवॉइस एवं आईटीसी पास-ऑन के माध्यम से जीएसटी चोरी की। मामला स्प्ष्ट होने पर एसएसपी के आदेश पर एसआईटी गठित की गई। एसआईटी ने आईपीडीआर, नेटग्रिड, सर्विलांस, आधार, पैन, रैंट एग्रीमेंट, बैंकिंग लेन-देन, इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों, जीएसटी पोर्टल लॉगिन गतिविधियों एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण तथा विभिन्न चार्टर्ड अकाउंटेंट से जानकारी करके साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद सात आरोपियों मकसूदपुरा के पूर्व सभासद के बेटे नितिन गुप्ता निवासी दबग्रान, तरुण अग्रवाल निवासी कटरा सेवाकली, अंकित जौहरी, उसके मौसेरे भाई शिवा जौहरी निवासी टिक्सी मंदिर के सामने कॉलोनी, अभिषेक कुमार शाक्य व देवेश चंद्र शाक्य निवासी कटरा शमशेर खां, मोहम्मद आसिफ निवासी बरही टोला को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस जीशान निवासी मोहम्मद शाहकमर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 03, 2026, 18:14 IST
Etawah: सात करोड़ के इनपुट टैक्स चोरी में सीए व पूर्व सभासद के बेटे समेत सात गिरफ्तार #CityStates #Etawah #Kanpur #UttarPradesh #EtawahNews #UpNews #SubahSamachar
