शिवपुरी: नरवर में माता विसर्जन जुलूस में भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे, पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ा
जिले के नरवर कस्बे में माता विसर्जन जुलूस के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब जुलूस में शामिल दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद हो गया। मोटे महादेव मंदिर के पास पेट्रोल पंप के सामने शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के युवकों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजीं। विसर्जन के लिए जा रही थीं प्रतिमाएं जानकारी के अनुसार नरवर कस्बे में नवमी के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर माता की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं।इन प्रतिमाओं को नगर भ्रमण कराया जा रहा था। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्रतिमाएं विसर्जन के लिए लखना तालाब ले जाई जा रही थीं। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा शामिल थे। इसी दौरान मोटे महादेव मंदिर के पास पेट्रोल पंप के सामने जुलूस में शामिल दो पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामला मामूली विवाद तक सीमित था लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। ये भी पढ़ें:उज्जैन में परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम: 3 दिन तक होगा रावण दहन, भव्य रूप में निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी देखते ही देखते शुरू हो गई मारपीट प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी। सड़क पर ही दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। इससे कुछ देर के लिए जुलूस में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। हंगामे की सूचना और मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों के युवकों को अलग करने का प्रयास किया। जब युवक नहीं माने तो पुलिस को लाठियां चलाकर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। कार्रवाई के बाद शांत हुआ मामला पुलिस की सख्ती के बाद दोनों पक्ष पीछे हटे और मौके पर स्थिति नियंत्रित हुई। इसके बाद माता की प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस आगे रवाना किया गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी। फिलहाल विवाद की असल वजह क्या थी इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद कस्बे में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल रहा हालांकि पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 10:39 IST
शिवपुरी: नरवर में माता विसर्जन जुलूस में भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे, पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ा #CityStates #MadhyaPradesh #Shivpuri #Narwar #MataImmersionProcession #PoliceUsedBatons #MoteMahadevTemple #LakhnaPond #DurgaIdolImmersion #RuckusInTheProcession #SubahSamachar
