Korba: शराब दुकान का कारनामा, चिल्हर की आड़ में दिया जा रहा टोकन

कोरबा जिले के बरपाली स्थित अंग्रेजी और देशी शराब दुकान से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शराब बिक्री के दौरान ग्राहकों को चिल्हर न देकर टोकन थमाया जा रहा है। आरोप है कि शराब दुकान के कर्मचारी यह कहकर कि उनके पास खुले पैसे नहीं हैं, 10 और 20 रुपये के टोकन दे रहे हैं। हरे रंग का टोकन 10 रुपये का और नीले रंग का टोकन 20 रुपये का बताया जा रहा है। टोकन दिए जाने के बाद ग्राहकों को पास स्थित चखना दुकान में सामान खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इस व्यवस्था को लेकर ग्राहकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। शराब दुकान में कार्यरत कर्मचारियों पर ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने के भी आरोप लगे हैं। टोकन को लेकर दुकान में विवाद की स्थिति बन गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि शराब दुकान के कर्मचारी आबकारी विभाग के अधिकारियों का हवाला देकर अपनी मनमानी कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इस शराब दुकान में ऑल ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें एक सुपरवाइजर, दो सेल्समैन और एक मल्टी वर्कर शामिल हैं। मदिरा प्रेमियों में इस पूरे मामले को लेकर भारी आक्रोश है और आरोप लगाया जा रहा है कि शराब दुकान के कर्मचारी और चखना दुकान संचालक के बीच मिलीभगत है। इससे ग्राहकों को जबरन चखना दुकान से सामान खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, केवल बरपाली ही नहीं बल्कि अन्य शराब दुकानों में भी चिल्हर की समस्या को लेकर ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में आबकारी अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 08, 2026, 16:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Korba: शराब दुकान का कारनामा, चिल्हर की आड़ में दिया जा रहा टोकन #CityStates #Crime #Korba #KorbaNews #KorbaTodayNews #KorbaNewsToday #SubahSamachar