Chandigarh-Haryana News: एसआईआर... 73% मतदाताओं के फाॅर्म जमा, बाकी के पास सिर्फ चार दिन

14 जुलाई तक फाॅर्म जमा नहीं किया तो 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होगाबीएलओ नहीं पहुंचे तो खुद से करें संपर्क, ऑनलाइन भी भर सकते हैं गणना फॉर्मअमर उजाला ब्यूरोचंडीगढ़। हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख अब बेहद करीब है। फॉर्म जमा करने के लिए केवल चार दिन बचे हैं। निर्वाचन विभाग ने साफ किया है कि जो मतदाता 14 जुलाई तक अपना गणना फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम 21 जुलाई को जारी होने वाली प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) में शामिल नहीं होगा। राज्य में करीब 2.06 करोड़ मतदाता हैं। इनमें से 1.51 करोड़ से अधिक लोग अपना गणना फॉर्म भरकर जमा कर चुके हैं यानी अब तक करीब 73% फॉर्म भरकर जमा किए जा चुके हैं। विभाग का लक्ष्य है कि अंतिम तारीख तक सभी पात्र मतदाता अपना फॉर्म जमा कर दें। निर्वाचन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर अब तक उनके घर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) नहीं पहुंचे हैं तो वे खुद अपने बीएलओ से संपर्क करें। इसके अलावा मतदाता घर बैठे भी ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए voters.eci.gov.in वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके भी फॉर्म भरा जा सकता है। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन विभाग की 1950 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। अभियान के तहत बीएलओ 14 जुलाई तक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इसके बाद 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची जारी होगी। यदि किसी मतदाता का नाम छूट जाता है या उसमें कोई गलती होती है तो 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। इन सभी मामलों का निपटारा 21 सितंबर तक किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते फॉर्म जमा कर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने की अपील की है।लापरवाही पर तीन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिशमतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ निर्वाचन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तीन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है। इनमें कुरुक्षेत्र के बीडीपीओ, सोनीपत के गन्नौर तहसीलदार और बल्लभगढ़ के नायब तहसीलदार शामिल हैं। विभाग का कहना है कि एसआईआर अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर अभियान पूरा करने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।फतेहाबाद सबसे आगे, गुरुग्राम सबसे पीछेहरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अब तक 73.26 प्रतिशत फॉर्म भरे जा चुके हैं। फतेहाबाद जिले का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। यहां 89.44 प्रतिशत फॉर्म भरकर बीएलओ के माध्यम से जमा किए जा चुके हैं। इसके बाद कैथल (86.47%) दूसरे, महेंद्रगढ़ (84.53%) तीसरे, चरखी दादरी (84.25%) चाैथे और रेवाड़ी (82.54%) जिला पांचवें नंबर पर रहा है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में फॉर्म जमा होने की रफ्तार सबसे कम रही है। गुरुग्राम में 52.02 प्रतिशत और फरीदाबाद में 53.50 प्रतिशत डिजिटल फॉर्म ही जमा हुए हैं। इसके अलावा पंचकूला (63.82%), रोहतक (67.78%) और पानीपत (68.94%) भी राज्य के औसत 73.26 प्रतिशत से पीछे चल रहे हैं। निर्वाचन विभाग ने सभी जिलों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 10, 2026, 17:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chandigarh-Haryana News: एसआईआर... 73% मतदाताओं के फाॅर्म जमा, बाकी के पास सिर्फ चार दिन #Sir...FormsFor73%OfVotersHaveBeenSubmitted;TheRestHaveOnlyFourDaysLeft. #SubahSamachar