कानपुर: साहब! मेरी जमीन बचा लीजिए... कागजों में मेरी, कब्जा दूसरे कर रहे
साहब मेरी जमीन बचा लीजिए, कागजों में नाम मेरा है, फिर भी दूसरे कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार को मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में हंसपुरम नौबस्ता निवासी विधवा शैली द्विवेदी ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से यह गुहार लगाई। शैली ने बताया कि आराजी संख्या 379 की 0.1140 हेक्टेयर जमीन में उनका हिस्सा दर्ज है। पड़ोसी जगदीश प्रसाद ने आराजी संख्या 369 में प्लॉट खरीदा था, लेकिन अब 379 की जमीन को 369 बताकर उनके हिस्से पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। निर्माण कराने पहुंचने पर विरोध होता है। पुलिस से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ। शिकायत सुनने के बाद डीएम ने तहसीलदार को लेखपाल भेजकर पैमाइश कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ख्यौरा कटरी निवासी अनूप कुमार ने शिकायत करते हुए बताया कि खाता संख्या 713 में पांच हिस्सेदार थे, लेकिन चार लोगों ने मिलकर 18 बिस्वा पूरी जमीन की रजिस्ट्री करा ली। आरोप है कि एक बिस्वा बताकर आठ बिस्वा का एग्रीमेंट कराया गया। इसके बाद पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाकर रजिस्ट्री भी करा ली गई। डीएम ने तहसीलदार से जांच कर रिपोर्ट मांगी। उधर रामपुर भीमसेन में खतौनी से छूट का मामला तत्काल दर्ज कराया गया, जबकि सेन पूरब पारा में भूमि के रकबे की गलती सुधारी गई। इसके अलावा राशन कार्ड स्थानांतरण, खातेदारी अंश दुरुस्ती और नवीन खतौनी में नाम दर्ज करने समेत आठ मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। समाधान दिवस में कुल 76 शिकायतें आईं। इनमें राजस्व और नगर निगम की 21-21, पुलिस की 11, जलकल की छह, समाज कल्याण की पांच, डूडा की चार, केस्को की तीन, केडीए की दो तथा सीएमओ, बीएसए और डीएसओ की एक-एक शिकायत शामिल रही। डीएम ने अधिकारियों को मौके पर जांच कर शिकायतों का निस्तारण करने और पीड़ितों को राहत देने के निर्देश दिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 16:00 IST
कानपुर: साहब! मेरी जमीन बचा लीजिए... कागजों में मेरी, कब्जा दूसरे कर रहे #CityStates #Kanpur #UttarPradesh #KanpurNews #UpNews #SubahSamachar
